पटना। दिल्ली पब्लिक स्कूल पटना ईस्ट में शनिवार को चौथी अंतर-विद्यालयी तैराकी प्रतियोगिता ‘एक्वाक्वेस्ट-2026’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पटना के 20 से अधिक प्रतिष्ठित विद्यालयों के लगभग 180 छात्र-तैराकों ने विभिन्न आयु वर्गों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे दिन चली प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीक, सहनशक्ति और खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश अल्फ्रेड तथा डिप्टी हेड मो. अशफाक इकबाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में स्वागत गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुति तथा खिलाड़ियों द्वारा खेल शपथ का वाचन किया गया। मुख्य अतिथि एसडीपीओ, पटना सिटी राजकिशोर सिंह ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने खेलों को बढ़ावा देने के लिए डीपीएस पटना ईस्ट के प्रयासों की सराहना की।

दिनभर चली विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। तैराकों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया। समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि राजकिशोर सिंह ने विजेता खिलाड़ियों एवं विद्यालयों को सम्मानित किया। समग्र चैंपियनशिप ट्रॉफी पर लिटेरा वैली स्कूल ने कब्जा जमाया, जबकि डीपीएस पटना ईस्ट उपविजेता रहा।
प्रधानाचार्य डॉ. राकेश अल्फ्रेड ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना का विकास करती हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहभागी विद्यालयों, अधिकारियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि एक्वाक्वेस्ट-2026 का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता ने शहर के विभिन्न विद्यालयों के युवा तैराकों को एक साथ लाकर खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता का संदेश दिया।






