पटना। बिहार के युवा बेसबॉल खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। बेसबॉल संघ बिहार के तत्वावधान में 32वीं जूनियर अंतर जिला बिहार बेसबॉल चैंपियनशिप का आयोजन 18 से 20 जून तक सारण (सोनपुर) के डाक बंगला मैदान में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों की बालक एवं बालिका टीमें हिस्सा लेंगी और खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।
प्रतियोगिता को लेकर शनिवार को बेसबॉल संघ बिहार की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बिहार बेसबॉल संघ के अध्यक्ष दिलजीत खन्ना ने प्रतियोगिता के सफल संचालन की जिम्मेदारी संघ के सहायक सचिव एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रमोद कुमार तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रूपक कुमार को सौंपी है।
वहीं पूरे आयोजन के संयोजक मोनू कुमार मोबाइल नंबर-8579-850261एवं संजीत कुमार-95704 51210 होंगे। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। उम्मीद की जा रही है कि राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी इस आयोजन में शामिल होंगे।

बिहार बेसबॉल संघ की सचिव मधु शर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए आधार कार्ड और आयु प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। प्रत्येक जिला टीम से अधिकतम 16 खिलाड़ियों का ही पंजीकरण स्वीकार किया जाएगा। टीमों के निबंधन की अंतिम तिथि 16 जून निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच प्रदान करेगी। राज्य के कई जिलों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी इसमें भाग लेंगे और अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास करेंगे। आयोजन समिति खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, सुरक्षा और प्रतियोगिता संचालन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।
संघ के पदाधिकारियों का मानना है कि इस प्रतियोगिता से बिहार में बेसबॉल खेल को और अधिक बढ़ावा मिलेगा तथा नए खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्राप्त होगा। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में अभी से उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।






