पटना। कैम्ब्रिज प्रीमियर लीग के दूसरे सेमीफाइनल में कैम्ब्रिज चैलेंजर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कैम्ब्रिज फाइटर को 7 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के बाद विवेक कुमार की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी ने चैलेंजर की जीत को आसान बना दिया। ओम को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया.
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी कैम्ब्रिज चैलेंजर की टीम ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बना ली। फाइटर की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई और टीम 17.5 ओवर में 102 रन पर सिमट गई। शुरुआत में ही एमडी अयान और अमन दास बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, जिससे फाइटर दबाव में आ गया।
मध्यक्रम में कप्तान शिवम ने संघर्ष करते हुए 35 गेंदों पर 30 रन की पारी खेली और टीम को संभालने का प्रयास किया। वहीं प्रियांशु 07 ने 13 तथा सुमरन कुमार ने 13 रन का योगदान दिया। हालांकि नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण फाइटर बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सका। टीम को मिले 27 अतिरिक्त रन उसके कुल स्कोर में महत्वपूर्ण रहे।
चैलेंजर की ओर से गेंदबाजी में ओम यादव सबसे सफल रहे। उन्होंने चार ओवर में मात्र 18 रन देकर 3 विकेट झटके। आर्यन राज और रोहित राज ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि मनु कुमार ने भी दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर फाइटर की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

103 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चैलेंजर की शुरुआत भी धीमी रही और टीम ने 11 रन पर पहला विकेट गंवा दिया। लेकिन इसके बाद विवेक कुमार ने आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया। उन्होंने सिर्फ 32 गेंदों पर 55 रन ठोक दिए, जिसमें 8 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनकी विस्फोटक पारी ने मैच का रुख पूरी तरह चैलेंजर की ओर मोड़ दिया।
दूसरी ओर कप्तान रोहित राज ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 17 रन बनाए और टीम को जीत तक पहुंचाया। अंत में राजन कुमार ने भी नाबाद 4 रन का योगदान दिया। चैलेंजर ने 14.1 ओवर में 3 विकेट खोकर 103 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
फाइटर की ओर से कार्तिक राज ने एक विकेट लिया, जबकि सुमरन कुमार ने दो सफलताएं हासिल कीं, लेकिन वे टीम को हार से नहीं बचा सके। विवेक कुमार को उनकी मैच जिताऊ 55 रन की पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ कैम्ब्रिज चैलेंजर ने फाइनल में जगह बना ली, जहां उसका मुकाबला कैम्ब्रिज रॉयल से होगा।






