पटना। बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट अकादमी के मैदान पर बुधवार को खेले गए बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट लीग के फाइनल मुकाबले में कैम्ब्रिज टाइटंस ने हर विभाग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कैम्ब्रिज वॉरियर्स को 81 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। बल्लेबाजों की आक्रामक पारियों और गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन ने फाइनल को पूरी तरह एकतरफा बना दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कैम्ब्रिज टाइटंस की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की जीत की नींव उत्सव अजय मोदी ने रखी, जिन्होंने 37 गेंदों पर 52 रन की आकर्षक पारी खेली। उनकी पारी में 10 चौके शामिल रहे। कप्तान विक्रम बाबलू चौधरी ने 21 गेंदों में 30 रन बनाए, जबकि अंतिम ओवरों में प्रियांशु ने नाबाद 26 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।

184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैम्ब्रिज वॉरियर्स की शुरुआत लड़खड़ाती रही। टीम के बल्लेबाज टाइटंस के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। कप्तान आयुष कुमार सिंह ने संघर्ष करते हुए 27 गेंदों पर 36 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। वॉरियर्स की पूरी टीम 14.3 ओवर में मात्र 102 रन पर सिमट गई।
टाइटंस की जीत के सबसे बड़े नायक रहे तेज गेंदबाज रोहित अनिल कुमार। उन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके और वॉरियर्स की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इसके अलावा फैज अकरम ने 2 तथा आयुष वर्मा और सत्यम कुमार ने एक-एक विकेट लेकर जीत को आसान बना दिया।
मैच समाप्त होते ही खिलाड़ियों और दर्शकों ने विजेता टीम का जोरदार स्वागत किया। पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन देखने को मिला और युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन परिचय दिया।







