पटना। बिहार के लिए गर्व की बात है कि राज्य के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिवाकर कुमार और वैष्णवी कुमारी 02 से 04 जून तक बांग्लादेश के इस्वारी में आयोजित होने वाली 10वीं दक्षिण एशियन आत्या-पात्या चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों खिलाड़ी भारतीय दल के साथ बांग्लादेश पहुंच चुके हैं।
दोनों खिलाड़ियों के भारतीय टीम में चयन से बिहार के खेल जगत में खुशी का माहौल है। खास बात यह है कि यह दूसरा अवसर है, जब बिहार के खिलाड़ियों को आत्या-पात्या में भारतीय टीम का हिस्सा बनने का गौरव प्राप्त हुआ है।
आत्या-पात्या एसोसिएशन ऑफ बिहार के मुख्य कोच तरुण कुमार आजाद ने बताया कि पुडुचेरी में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के सफल समापन के बाद भारतीय टीम चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए बांग्लादेश रवाना हुई है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद बिहार के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।

रवाना होने से पहले दिवाकर कुमार और वैष्णवी कुमारी ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय टीम का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में देशभर से आए खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करने का अनुभव बेहद प्रेरणादायक रहा।
दोनों खिलाड़ियों ने आत्या-पात्या एसोसिएशन ऑफ बिहार के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और समर्थन के कारण ही उन्हें यह अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर बिहार और देश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर बिहार के खेल प्रेमियों और आत्या-पात्या परिवार ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए चैंपियनशिप में उनके सफल प्रदर्शन की कामना की है।






