पटना। कैम्ब्रिज प्रीमियर लीग में कैम्ब्रिज फाइटर ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर कैम्ब्रिज ब्लास्टर को 22 रन से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट अकादमी मैदान पर खेले गए मुकाबले में फाइटर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 151 रन बनाए, जिसके जवाब में ब्लास्टर की टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट पर 129 रन ही बना सकी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कैम्ब्रिज फाइटर की शुरुआत संतुलित रही। सलामी बल्लेबाज एमडी अयान ने 24 रन बनाए, जबकि अमन दास ने 12 रन का योगदान दिया। इसके बाद कप्तान शिवम ने जिम्मेदारी संभालते हुए 36 गेंदों में 40 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके शामिल थे। मध्यक्रम में प्रियांशु 07 ने 16 रन और ऋतु राज ने मात्र 7 गेंदों पर 18 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। अतिरिक्त 29 रन भी टीम के लिए अहम साबित हुए। कैम्ब्रिज ब्लास्टर की ओर से अरमान और रोहित रंजन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए। अरमान ने 4 ओवर में सिर्फ 14 रन खर्च किए, जबकि रोहित रंजन ने 3 विकेट झटके।

152 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैम्ब्रिज ब्लास्टर की ओर से कप्तान गौरव कुमार ने 42 गेंदों पर 40 रन और सौरव ने 35 गेंदों पर 26 रन की पारी खेलकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। ओजैर ने भी 12 गेंदों में 20 रन बनाकर जीत की उम्मीद जगाई, लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। फाइटर के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा। प्रियंशु 07 ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट झटके। कप्तान शिवम ने भी 2 विकेट हासिल किए, जबकि अमन राज को एक सफलता मिली। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण ब्लास्टर की टीम 20 ओवर में 129 रन तक ही पहुंच सकी और उसे 22 रन से हार का सामना करना पड़ा।
मैच में कप्तान शिवम ने बल्ले से और प्रियांशु ने गेंद से शानदार प्रदर्शन कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं ब्लास्टर की ओर से अरमान और गौरव कुमार के प्रयास टीम को जीत नहीं दिला सके।






