नई दिल्ली। चंदन सिंह राजपूत मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में रॉयल 11 ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए अचीवर्स क्रिकेट अकादमी इलेवन को 240 रन के विशाल अंतर से पराजित कर एकतरफा जीत दर्ज की। हरियाणा शक्ति क्रिकेट ग्राउंड नंबर-1 पर खेले गए मुकाबले में रॉयल 11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में 359 रन बनाए, जवाब में अचीवर्स क्रिकेट अकादमी की पूरी टीम 23.4 ओवर में 119 रन पर सिमट गई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल 11 की ओर से कप्तान राज कमल ने 67 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे। वहीं प्रीतम राज ने मात्र 44 गेंदों पर 79 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अनिमेष राज ने भी 38 गेंदों पर 62 रन की विस्फोटक पारी खेली। इन बल्लेबाजों की बदौलत रॉयल 11 ने निर्धारित 40 ओवर में 359 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

360 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अचीवर्स क्रिकेट अकादमी की शुरुआत खराब रही। टीम की ओर से वीर मोलवानी ने 24 गेंदों पर 43 रन और पृथिश कक्कड़ ने 24 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण पूरी टीम 119 रन पर ऑलआउट हो गई।
गेंदबाजी में रॉयल 11 के अभिजीत विजेंद्र सिंह ने कहर बरपाते हुए 5 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 4 विकेट झटके। उन्हें अनिमेष राज का भी अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 4 ओवर में 10 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। कप्तान राज कमल, सत्याम, सुजल सुधांशु और प्रिंस गोविंद ठाकुर ने भी एक-एक विकेट लिया।
इस जीत के साथ रॉयल 11 ने टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी। बल्लेबाजी में राज कमल, प्रीतम राज और अनिमेष राज के दमदार प्रदर्शन के साथ गेंदबाजी में अभिजीत विजेंद्र सिंह की घातक गेंदबाजी टीम की जीत का मुख्य आधार रही।






