पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘स्वर्णिम 12 साल बेमिसाल’ अभियान के तहत भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ ने सोमवार को बिहार के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को उनके आवास पर पहुंचकर सम्मानित किया। इसी क्रम में रामकृष्णा नगर स्थित आवास पर अर्निस (Arnis) खेल की विश्व चैंपियन अंशु सहित कई प्रतिभावान खिलाड़ियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश श्रीवास्तव ‘राजू’, सह-संयोजक राजेश कुमार यादव, विकास कुमार गोल्डी, आईटी सेल संयोजक मोहित श्रीवास्तव, प्रवक्ता सचिन राणावत तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सतीश राजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। केंद्र सरकार की विभिन्न खेल योजनाओं के कारण देशभर के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ का उद्देश्य इन उपलब्धियों और सरकार की खेल हितैषी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाना है। इसी अभियान के तहत बिहार के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को उनके घर जाकर सम्मानित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार द्वारा संचालित ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ जैसी योजनाओं से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है और युवा खेलों की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
विश्व चैंपियन खिलाड़ी अंशु ने सम्मान के लिए भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की। वहीं उनके प्रशिक्षक संजय कुमार ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और खेल मंत्री के प्रति आभार जताते हुए अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को अधिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद पिंकी देवी ने कहा कि खिलाड़ियों के घर पहुंचकर उनका सम्मान करना एक सराहनीय पहल है। इससे खिलाड़ियों का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ेगा तथा युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सुजीत कुमार, रेखा सिन्हा, जीतू कुमार, अवधेश कुमार, संगीता कुमारी, स्मिता कुमारी, कृष्णा कुमारी, नीतू कुमारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







