बिहारशरीफ। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नालंदा के तत्वावधान में नालंदा जिला बी डिवीजन क्रिकेट लीग का शुभारंभ सोमवार को रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। उद्घाटन मैच में अलीशाह क्रिकेट क्लब, गढ़पर ने नालंदा क्रिकेट अकादमी (एनसीए), बड़ी दरगाह को दो विकेट से हराकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।
मैच का उद्घाटन क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नालंदा के सचिव गोपाल कुमार सिंह एवं समाजसेवी धीरज पाठक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नालंदा क्रिकेट अकादमी की टीम 26.5 ओवर में 158 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

एनसीए की ओर से अनीश ने 37 रन, रोज़ ने 34 रन, राहुल ने 31 रन, अनिस ने 18 रन तथा सन्नी ने 13 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। अलीशाह क्रिकेट क्लब की ओर से हिमांशु ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 42 रन देकर 3 विकेट झटके। प्रशांत और अंकित ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि आशीष सिंह और अनीश को एक-एक सफलता मिली।
159 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अलीशाह क्रिकेट क्लब की टीम ने दबाव के बावजूद 24.1 ओवर में आठ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत में आशीष सिंह ने नाबाद 59 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। अनीश ने 36 रन और हिमांशु ने 26 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
एनसीए की ओर से रोज़ ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 13 रन देकर 4 विकेट चटकाए। रोहित और सत्यम ने दो-दो विकेट अपने नाम किए, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके। मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अलीशाह क्रिकेट क्लब के आशीष सिंह को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। मुकाबले में परवेज मुस्तफा और मनीष राज ने निर्णायक की भूमिका निभाई।






