पटना। दसवीं दक्षिण एशियन आट्या-पाट्या चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश और बिहार का नाम रोशन करने वाले बिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिवाकर कुमार और वैष्णवी कुमारी का रविवार को पटना पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। दोनों खिलाड़ियों के स्वागत के लिए पटना जंक्शन पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, पदाधिकारी और युवा खिलाड़ी मौजूद रहे। उनके आगमन से स्टेशन परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
बांग्लादेश में आयोजित चैंपियनशिप में भारतीय टीम की ओर से शानदार प्रदर्शन करने वाले दोनों खिलाड़ियों के सम्मान में आट्या-पाट्या एसोसिएशन ऑफ बिहार द्वारा विशेष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों और आरुष आट्या-पाट्या क्लब के बच्चों ने फूल-मालाओं और तालियों के साथ दोनों खिलाड़ियों का अभिनंदन किया।

स्वागत समारोह में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। वे काफी देर से स्टेशन पर खिलाड़ियों के आगमन का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही दिवाकर और वैष्णवी पटना जंक्शन पहुंचे, पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और बधाई के नारों से गूंज उठा। खिलाड़ियों को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया और उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई गई।
इस अवसर पर आट्या-पाट्या एसोसिएशन ऑफ बिहार के पदाधिकारियों ने कहा कि दिवाकर और वैष्णवी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर बिहार का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता राज्य के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और आट्या-पाट्या खेल को नई पहचान मिलेगी।
दिवाकर कुमार और वैष्णवी कुमारी ने भी सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने प्रशिक्षकों, संघ के पदाधिकारियों और परिवार के सहयोग को दिया।
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से बिहार के खेल जगत में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों का मानना है कि उनकी सफलता से राज्य के युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और आने वाले समय में बिहार के और खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।






