पटना। राजधानी के उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच मिलने जा रहा है। अल्फा स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से अल्फा समर कप अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जहां युवा खिलाड़ी अपनी क्रिकेट प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
अल्फा स्पोर्ट्स एकेडमी के निदेशक सुमित प्रकाश ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल प्रदान करना और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में खिलाड़ियों को कम उम्र में ही मैच खेलने का अनुभव मिलना जरूरी है। अल्फा समर कप इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
टूर्नामेंट की खास बात यह होगी कि सभी मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी, जिससे अभिभावक, कोच और क्रिकेट प्रेमी खिलाड़ियों के प्रदर्शन को कहीं से भी देख सकेंगे। साथ ही पूरे टूर्नामेंट में ऑनलाइन स्कोरिंग की व्यवस्था भी रहेगी, जिससे मैचों के आंकड़े और प्रदर्शन का रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध होगा।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। बेस्ट बल्लेबाज को प्रीमियम इंग्लिश विलो बैट, बेस्ट गेंदबाज को स्पाइक्स, बेस्ट फील्डर को फील्डिंग स्लीव्स तथा मैन ऑफ द सीरीज को विशेष अल्फा जर्सी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
निदेशक सुमित प्रकाश ने कहा कि यह प्रतियोगिता सिर्फ जीत-हार तक सीमित नहीं होगी, बल्कि युवा खिलाड़ियों के समग्र विकास पर भी फोकस किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों, अभिभावकों और क्रिकेट प्रेमियों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और इसे सफल बनाने की अपील की।
अल्फा स्पोर्ट्स अकादमी की इस पहल को बिहार में जमीनी स्तर पर क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। युवा खिलाड़ियों के लिए यह टूर्नामेंट अपनी क्षमता साबित करने और भविष्य के बड़े अवसरों की ओर कदम बढ़ाने का बेहतरीन मंच साबित हो सकता है।






