पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ’12 साल बेमिसाल’ अभियान के तहत भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ ने बिहार के वरिष्ठ खिलाड़ियों और खेल विभूतियों को सम्मानित करने की मुहिम जारी रखी है। इसी क्रम में गुरुवार को भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश श्रीवास्तव ‘राजू’ ने संयुक्त बिहार-झारखंड के पूर्व रणजी क्रिकेटर, पूर्व चयनकर्ता, पूर्व मुख्य कोच तथा ‘बिहार खेल रत्न’ से सम्मानित दिग्गज देवकीनंदन दास के क्रिकेट कोचिंग कैंप पहुंचकर उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सतीश श्रीवास्तव ‘राजू’ ने कहा कि देवकीनंदन दास बिहार क्रिकेट की ऐसी शख्सियत हैं, जिन्होंने खिलाड़ी, कोच और चयनकर्ता के रूप में राज्य के क्रिकेट को नई दिशा दी है। उन्होंने बताया कि दास वर्ष 1976 की ईस्ट जोन चैंपियन टीम के सदस्य रहे हैं तथा संयुक्त बिहार-झारखंड क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता और मुख्य कोच के रूप में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देकर सैकड़ों खिलाड़ियों का भविष्य संवारने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि खेलों के प्रति उनके अतुलनीय योगदान के लिए बिहार सरकार ने उन्हें ‘बिहार खेल रत्न’ तथा ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया है। ऐसे अनुभवी और समर्पित खेल व्यक्तित्व नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।
सतीश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं ने देश में खेल संस्कृति को नई पहचान दी है और दूर-दराज़ के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर मिला है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ उन वरिष्ठ खिलाड़ियों के घर और प्रशिक्षण केंद्रों तक पहुंचकर उनका सम्मान कर रहा है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए समर्पित किया।
सम्मान से अभिभूत पूर्व रणजी क्रिकेटर देवकीनंदन दास ने भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों और खेल गुरुओं को उनके कार्यस्थल पर जाकर सम्मानित करना एक सकारात्मक पहल है, जिससे खेल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के सह-संयोजक राजेश कुमार यादव, मुकेश पासवान, आईटी सेल संयोजक मोहित श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष विकास कुमार सिंह सहित खेल जगत के कई गणमान्य व्यक्ति और खिलाड़ी उपस्थित रहे।







