बिहारशरीफ। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नालंदा (CAN) की कार्यकारिणी बैठक संघ के कार्यालय, वार्ड संख्या-27, 621-ए, गढ़पर, बिहारशरीफ में संपन्न हुई। बैठक में बी डिवीजन लीग, आगामी चुनाव, क्लबों की मान्यता, क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और संगठनात्मक मजबूती जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नालंदा की वार्षिक आम सभा (AGM) सितंबर 2026 में आयोजित की जाएगी। साथ ही बिहारशरीफ के वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार को आगामी चुनाव प्रक्रिया के लिए चुनाव पदाधिकारी (Election Officer) नियुक्त किया गया।

कार्यकारिणी ने एसोसिएशन से निबंधित उन सभी क्लबों को वोटिंग राइट देने पर विचार किया, जिन्हें अब तक यह अधिकार प्राप्त नहीं है। इसके अलावा संघ की सदस्य संख्या बढ़ाने तथा क्रिकेट प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लोढ़ा समिति की सिफारिशों को लागू करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सत्र 2025-26 की लीग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी पंजीकृत क्लबों के अध्यक्ष या सचिव अपने आधिकारिक ईमेल आईडी से क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नालंदा के ईमेल पर वोटिंग राइट प्रदान करने के लिए आवेदन भेजेंगे।
इसके साथ ही नालंदा जिले में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और जिला स्तर पर प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन को लेकर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने जिले में क्रिकेट गतिविधियों को और मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
बैठक में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नालंदा के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार, सचिव गोपाल सिंह, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, पूर्व सचिव सह सदस्य एस.एम. जावेद इकबाल, सदस्य शहनवाज खान, नाजरा, आदिल खान तथा खिलाड़ी प्रतिनिधि संजय कुमार उपस्थित रहे। संयुक्त सचिव संजीव कुमार दूरभाष के माध्यम से बैठक से जुड़े और अपनी सहमति प्रदान की।






