पटना। बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट अकादमी में आयोजित कैम्ब्रिज प्रीमियर लीग के फाइनल मुकाबले में कैम्ब्रिज रॉयल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कैम्ब्रिज चैलेंजर को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। रोमांचक मुकाबले में कैम्ब्रिज रॉयल ने 184 रन के लक्ष्य को 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कैम्ब्रिज चैलेंजर ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 183 रन बनाए। टीम की ओर से विवेक कुमार ने सर्वाधिक 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि आर्यन राज ने 26 गेंदों में 42 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

184 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैम्ब्रिज रॉयल की शुरुआत अच्छी रही। रोहित कुमार ने 37 रन, कप्तान रामकरण राज ने 26 रन और आदर्श कुमार ने नाबाद 31 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। टीम ने 18.3 ओवर में 184 रन बनाकर मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया। गेंदबाजी में कैम्ब्रिज रॉयल के लिए निखिल और शिवम कुमार ने दो-दो विकेट हासिल कर चैलेंजर की बल्लेबाजी पर अंकुश लगाया।
फाइनल मुकाबले के समापन के बाद खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए रोहित कुमार ने 5 मैचों में सर्वाधिक 149 रन बनाकर सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार अपने नाम किया। वहीं गेंदबाजी में आर्यन राज ने पूरे टूर्नामेंट में सबसे अधिक 9 विकेट लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
टूर्नामेंट में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार योगदान देने वाले आर्यन राज को “मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP)” चुना गया। पुरस्कार वितरण समारोह में खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आयोजकों ने कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं।







