पटना। कैम्ब्रिज प्रीमियर लीग में क्रिकेट प्रेमियों को एक बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जहां कैम्ब्रिज किंग ने आखिरी ओवर तक चले संघर्ष में कैम्ब्रिज हंटर को महज 2 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच में लक्ष्मण यादव की शानदार अर्धशतकीय पारी और अंत के ओवरों में गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी किंग की जीत की बड़ी वजह बनी।
टॉस जीतकर कैम्ब्रिज हंटर ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। शुरुआती झटकों के बावजूद कैम्ब्रिज किंग की ओर से लक्ष्मण यादव ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों पर 62 रन बनाए। उनकी पारी में 8 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। लक्ष्मण ने मध्यक्रम को संभालते हुए टीम को संकट से उबारा और सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
उनके अलावा अमर कुमार निषाद ने 16 रन, दिवांशु ने 7 रन और निचले क्रम में बल्लेबाजों ने छोटे-छोटे योगदान दिए। हालांकि टीम को अतिरिक्त के रूप में मिले 29 रन भी काफी अहम साबित हुए। किंग की पूरी टीम 19 ओवर में 134 रन पर सिमट गई। हंटर की ओर से आयुष राज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और किंग की बल्लेबाजी पर लगातार दबाव बनाए रखा। वहीं विवेक ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 8 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। कप्तान आकर्ष कुमार ने भी 2 सफलताएं अपने नाम कीं।

135 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैम्ब्रिज हंटर की शुरुआत संभली हुई रही। रौनक कुमार ने 52 गेंदों पर 41 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली और टीम को जीत की उम्मीद बनाए रखी। कप्तान आकर्ष कुमार ने 15 रन, जबकि मनमीत ने 16 गेंदों पर 21 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया।
एक समय ऐसा लग रहा था कि हंटर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लेगी, लेकिन किंग के गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में शानदार वापसी की। सरबजीत कुमार ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 11 रन देकर 2 विकेट झटके। वहीं अमर कुमार निषाद ने आखिरी चरण में दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया। निर्धारित 20 ओवर में कैम्ब्रिज हंटर 7 विकेट पर 132 रन ही बना सकी और जीत से सिर्फ 2 रन दूर रह गई। इस तरह कैम्ब्रिज किंग ने बेहद करीबी मुकाबले में शानदार जीत अपने नाम कर ली।
लक्ष्मण यादव बने मैच के हीरो
लक्ष्मण यादव ने दबाव भरे समय में शानदार 62 रन की पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उनकी इस मैच जिताऊ पारी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।






