पटना: बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट लीग में कैम्ब्रिज बुल्स ने शानदार खेल दिखाते हुए कैम्ब्रिज डेस्ट्रॉयर्स को 57 रन से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए बुल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 146 रन बनाए। जवाब में डेस्ट्रॉयर्स की टीम 16.3 ओवर में 89 रन पर सिमट गई।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बुल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए। इसके बावजूद रविश राज ने 23 गेंदों पर 28 रन, आर्यन राज ने 17 गेंदों पर 24 रन और गुड्डू कुमार ने 22 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। निचले क्रम के बल्लेबाजों ने भी अहम योगदान दिया, जिससे टीम 146 रन तक पहुंचने में सफल रही। डेस्ट्रॉयर्स की ओर से दीपक कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि आदित्य रिपु कुमार ने 2 विकेट अपने नाम किए।

147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डेस्ट्रॉयर्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। टीम ने महज 3 रन के स्कोर पर अपने दो अहम विकेट गंवा दिए। इसके बाद कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सका। गौरव अजय कुमार ने नाबाद 18 रन और रामकरण राज ने 14 रन बनाए, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
बुल्स के गेंदबाजों ने शानदार अनुशासन दिखाया। नमन कुमार ने 4 ओवर में सिर्फ 12 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं आर्यन राज और अर्नव वत्स ने 2-2 विकेट झटके। कप्तान रणवीर अमरेंद्र कुमार ने भी एक विकेट हासिल किया। गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के चलते डेस्ट्रॉयर्स की पूरी टीम 89 रन पर ढेर हो गई और Bulls ने 57 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।





