पटना। राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी और बिहार फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान दीपक कुमार सिन्हा को भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ ने उनके नसरीगंज स्थित मिथिला कॉलोनी आवास पर पहुंचकर अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर खेल जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
दीपक कुमार सिन्हा बिहार के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने फुटबॉल के क्षेत्र में राज्य और देश का गौरव बढ़ाया है। वे दो बार बिहार फुटबॉल टीम के कप्तान रह चुके हैं तथा सात बार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बिहार का प्रतिनिधित्व कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इसके अलावा देश के प्रतिष्ठित फुटबॉल क्लब Mohun Bagan Super Giant की ओर से भी खेलते हुए उन्होंने अपनी पहचान बनाई।

सम्मान समारोह में भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के संयोजक सतीश कुमार “राजू” ने कहा कि दीपक कुमार सिन्हा जैसे खिलाड़ी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि खेल के प्रति उनका समर्पण, अनुशासन और अनुभव राज्य के उभरते खिलाड़ियों के लिए मार्गदर्शक साबित हो सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार और भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ हमेशा खिलाड़ियों के सम्मान और खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के सह-संयोजक राजेश कुमार यादव, विकास कुमार गोल्डी, विकास सिंह, मोहित कुमार श्रीवास्तव सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ ने जानकारी दी कि सम्मान अभियान के तहत आगामी कार्यक्रम में बिहार के वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी एवं कोच देवकीनंदन दास को शुक्रवार अपराह्न 4 बजे राजीव नगर में सम्मानित किया जाएगा।






