पटना। बांग्लादेश में आयोजित 10वीं दक्षिण एशियाई आट्या-पाट्या चैंपियनशिप में भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने दबदबा बनाए रखा और लगातार जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में जगह सुनिश्चित की।
भारतीय पुरुष टीम ने अपने अभियान की शुरुआत भूटान और श्रीलंका पर जीत के साथ की। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में अफगानिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में नेपाल के खिलाफ भी भारतीय टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और फाइनल का टिकट कटाया।
वहीं भारतीय महिला टीम ने लीग चरण में अफगानिस्तान और नेपाल को पराजित कर शानदार शुरुआत की। क्वार्टर फाइनल में मेज़बान बांग्लादेश को हराने के बाद टीम ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया।

भारतीय टीम की इस सफलता में बिहार के खिलाड़ियों दिवाकर कुमार और वैष्णवी कुमारी का योगदान भी उल्लेखनीय रहा। दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनके प्रदर्शन की भारतीय दल के खिलाड़ियों, कोचों और अधिकारियों ने जमकर सराहना की।
महिला टीम की कप्तान स्वेता ने बिहार की वैष्णवी के खेल की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और कई मौकों पर टीम को मजबूती प्रदान की है।
वहीं पुरुष टीम के कोच शिवा सुब्रमण्यम ने दिवाकर कुमार के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हर मुकाबले में आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ खेलते हुए टीम की सफलता में अहम योगदान दिया है।
आट्या-पाट्या एसोसिएशन ऑफ बिहार ने दिवाकर कुमार और वैष्णवी कुमारी को फाइनल तक पहुंचने पर बधाई देते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से बिहार और देश का नाम गौरवान्वित किया है। संघ ने उम्मीद जताई है कि फाइनल में भी दोनों खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां भारतीय पुरुष और महिला टीम खिताब जीतकर दक्षिण एशिया में अपना दबदबा कायम रखने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।






