पटना। अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में पटना जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित बिहार स्टेट सब जूनियर (अंडर-15) शतरंज चैंपियनशिप का शुक्रवार को शानदार आगाज हुआ। राज्य के 28 जिलों से 250 से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में अपनी रणनीति और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। पहले दिन खेले गए दो चक्रों के मुकाबलों में अधिकांश वरीय खिलाड़ियों ने जीत दर्ज करते हुए अपने अभियान की सफल शुरुआत की।
प्रतियोगिता के ओपन वर्ग में 185 खिलाड़ी जबकि बालिका वर्ग में 69 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता की विशेषता यह है कि इसमें कुल 85 रेटेड खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें ओपन वर्ग के 65 और बालिका वर्ग की 20 खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों की संख्या और रेटिंग के लिहाज से यह राज्य की सबसे बड़ी सब जूनियर शतरंज प्रतियोगिताओं में से एक मानी जा रही है।
पहले दिन ओपन वर्ग में अधिकांश शीर्ष वरीय खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। हालांकि पटना के शीर्ष वरीय खिलाड़ी प्रत्यूष को दूसरे चक्र में जबीन जायसवाल से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक दोनों के बीच मुकाबला जारी था। वहीं अनुभवी खिलाड़ियों प्रणीत सिन्हा और प्रखर चौरसिया को अपने प्रतिद्वंद्वियों के साथ अंक साझा करने पर मजबूर होना पड़ा, जो दिन के प्रमुख परिणामों में शामिल रहा।

बालिका वर्ग में भी शीर्ष खिलाड़ियों ने अपना दबदबा कायम रखा। शीर्ष वरीय ऐशानी पाठक, अंकिता और शालिनी ने अपने दोनों मुकाबले जीतकर जीत की लय बरकरार रखी। हालांकि दूसरे बोर्ड पर बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब मुजफ्फरपुर की दिशा ने काले मोहरों से खेलते हुए प्रतियोगिता की द्वितीय वरीय खिलाड़ी आरोही सागर को पराजित कर सभी को चौंका दिया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन खेल विभाग के उप निदेशक संजय कुमार और लिट्रा वैली स्कूल के चेयरमैन अमित प्रकाश ने कॉमनवेल्थ स्वर्ण पदक विजेता रेयान मोहम्मद के साथ प्रतीकात्मक बाजी खेलकर किया। उद्घाटन समारोह में रेयान मोहम्मद को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।
समारोह में अखिल बिहार शतरंज संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार, संयुक्त सचिव नंदकिशोर, शिवप्रिय भारद्वाज, शशिनंद कुमार, पटना जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह, सचिव विपल सुभाषी, अंतरराष्ट्रीय आर्बिटर नंदकिशोर, मुख्य निर्णायक विजय कुमार, आलोक प्रियदर्शी, मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ के सचिव हिमांशु कुमार सहित बिहार शतरंज जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
प्रतियोगिता के आगामी दौरों में शीर्ष खिलाड़ियों के बीच होने वाले मुकाबलों पर शतरंज प्रेमियों की नजरें टिकी रहेंगी, जहां खिताब की दौड़ और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।






