पटना। अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में तथा पटना जिला शतरंज संघ के आयोजन में 6 जून से शुरू होने वाली बिहार स्टेट अंडर-15 शतरंज चैंपियनशिप की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में इस बार रिकॉर्ड संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी होने जा रही है। अंतिम आधिकारिक पंजीकरण के अनुसार बिहार के 28 जिलों से कुल 250 प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता के ओपन वर्ग में 180 खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे, जबकि बालिका वर्ग में 66 खिलाड़ी खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें कुल 85 रेटेड खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। ओपन वर्ग में 65 और बालिका वर्ग में 20 रेटेड खिलाड़ियों की मौजूदगी मुकाबलों को और अधिक रोमांचक बनाएगी।
आयोजकों के अनुसार खिलाड़ियों की संख्या और रेटेड प्रतिभागियों की गुणवत्ता को देखते हुए यह बिहार के शतरंज इतिहास की सबसे बड़ी सब जूनियर प्रतियोगिताओं में से एक मानी जा रही है। इससे पहले राज्य में इस स्तर पर इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी वाली प्रतियोगिता नहीं हुई है।

ओपन वर्ग में पटना के प्रत्यूष अपनी 1820 की प्रभावशाली रेटिंग के साथ शीर्ष वरीय खिलाड़ी के रूप में प्रतियोगिता में उतरेंगे। वहीं बालिका वर्ग में 1779 रेटिंग वाली ऐशानी पाठक शीर्ष वरीय खिलाड़ी होंगी। उनकी मौजूदगी ने प्रतियोगिता के आकर्षण को और बढ़ा दिया है।
गौरतलब है कि मूल रूप से बिहार की रहने वाली ऐशानी पाठक बिहार लौटने के बाद पहली बार किसी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रही हैं। उन्हें एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की ओर से खेल छात्रवृत्ति प्राप्त है। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करती थीं, लेकिन अब बिहार की ओर से खेल रही हैं।
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन 6 जून को अपराह्न 2:30 बजे किया जाएगा। पांच दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में राज्य के उभरते शतरंज खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए मुकाबला करेंगे। शतरंज प्रेमियों की नजरें विशेष रूप से शीर्ष वरीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी।






