पटना। अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में और पटना जिला शतरंज संघ के आयोजन में चल रही बिहार राज्य सब जूनियर शतरंज चैंपियनशिप में चौथे चक्र के मुकाबलों के बाद खिताबी दौड़ और रोमांचक हो गई है। बालक वर्ग में जहां चार खिलाड़ी संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं, वहीं बालिका वर्ग में पटना की ऐशानी पाठक और मुजफ्फरपुर की नव्या गोयनका चार-चार अंकों के साथ संयुक्त बढ़त बनाए हुए हैं।
बालिका वर्ग के शीर्ष बोर्ड पर खेले गए मुकाबले में शीर्ष वरीय ऐशानी पाठक ने काले मोहरों से खेलते हुए भोजपुर की अर्पिता को सिसिलियन क्लासिकल ओपनिंग में 36 चालों में पराजित कर दिया। मुकाबले के दौरान ऐशानी ने लगातार दबाव बनाए रखा और 36वीं चाल में अपनी रुक गंवाने की स्थिति में पहुंचने पर अर्पिता ने हार स्वीकार कर ली। दूसरे बोर्ड पर मुजफ्फरपुर की नव्या गोयनका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पटना की शालिनी को मात्र 21 चालों में मात दे दी। इस जीत के साथ नव्या ने चार अंक हासिल कर ऐशानी के साथ संयुक्त बढ़त बना ली है।

बालक वर्ग में भी मुकाबले बेहद रोचक रहे। शीर्ष वरीय खिलाड़ी पटना के प्रत्यूष ने काले मोहरों से खेलते हुए मधुबनी के अनुभव मिश्रा को 53 चालों तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में पराजित किया। दबाव में आए अनुभव को अंततः बाजी छोड़नी पड़ी। दूसरे बोर्ड पर दरभंगा के दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी जयेश मिश्र ने सफेद मोहरों से खेलते हुए छपरा के अंबर श्रीवास्तव को कैरो-कैन डिफेंस के मुकाबले में 40 चालों में शानदार मात दी और अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा।
तीसरे बोर्ड पर दिन का सबसे लंबा मुकाबला देखने को मिला। बेगूसराय के अर्थ भारद्वाज और मुजफ्फरपुर के पार्थवाह के बीच 69 चालों तक चली मैराथन बाजी अंततः अर्थ के पक्ष में समाप्त हुई। रुक और प्यादे बनाम रुक की जटिल स्थिति में अर्थ ने धैर्य और सटीक चालों का परिचय देते हुए जीत दर्ज की।
चौथे बोर्ड पर मुजफ्फरपुर के मानस ने काले मोहरों से खेलते हुए क्वीन पॉन ओपनिंग में शेखपुरा के साहिल को 47 चालों में पराजित कर पूरे अंक अर्जित किए। वहीं अन्य शीर्ष बोर्डों के मुकाबले अनिर्णीत रहे।
चार चक्रों की समाप्ति के बाद बालक वर्ग में प्रत्यूष, जयेश मिश्र, अर्थ भारद्वाज और मानस चार-चार अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर हैं। वहीं बालिका वर्ग में ऐशानी पाठक और नव्या गोयनका चार अंकों के साथ खिताब की दौड़ में सबसे आगे चल रही हैं। प्रतियोगिता के आगामी दौरों में शीर्ष खिलाड़ियों के आमने-सामने होने की संभावना है, जिससे खिताब की जंग और अधिक रोमांचक होने की उम्मीद है।






