पटना। बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट लीग के मुकाबले में कैम्ब्रिज टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कैम्ब्रिज बुल्स को 44 रन से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट अकादमी मैदान पर खेले गए मैच में टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन बनाए, जिसके जवाब में बुल्स की टीम 19.3 ओवर में 139 रन पर सिमट गई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कैम्ब्रिज टाइटंस की शुरुआत संभली हुई रही। सलामी बल्लेबाज उत्सव अजय मोदी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 99 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 64 गेंदों पर 22 चौके जड़े और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उन्हें मोहम्मद आमिर का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 33 रन बनाए, जबकि निहाल राज ने 20 रन का योगदान दिया। निर्धारित 20 ओवर में टाइटंस ने 183 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैम्ब्रिज बुल्स की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। कप्तान रणवीर अमरेंद्र कुमार ने 18 रन और आर्यन राज ने नाबाद 22 रन बनाए, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। टीम 19.3 ओवर में 139 रन पर ऑलआउट हो गई। टाइटंस की ओर से गेंदबाजी में फैज अकरम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 ओवर में 27 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं रोहित अनिल कुमार ने 2 और उत्सव अजय मोदी तथा आयुष वर्मा ने 1-1 विकेट हासिल किया।
अपने हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर उत्सव अजय मोदी मैच के सबसे बड़े नायक साबित हुए। उन्होंने बल्ले से नाबाद 99 रन बनाने के साथ गेंद से भी एक विकेट हासिल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ कैम्ब्रिज टाइटंस ने लीग में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।






