पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ ने पूरे बिहार में विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन का निर्णय लिया है। इस संबंध में शुक्रवार को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश संयोजक सतीश राजू ने की।
बैठक में कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया। समिति में राजेश कुमार यादव को संयोजक तथा विकास सिंह और मोहित श्रीवास्तव को सह-संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा प्रत्येक कार्यक्रम के लिए अलग-अलग प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं।

भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ द्वारा घोषित कार्यक्रमों के तहत 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके प्रभारी राजीव रंजन यादव होंगे। 22 जून से 25 जून तक राज्यभर में खिलाड़ी सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी जय प्रकाश मेहता को सौंपी गई है।
इसके बाद 26 और 27 जून को वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसके प्रभारी मुकेश पासवान होंगे। इसी अवधि में स्वच्छता अभियान भी संचालित किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विकास कुमार गोल्डी को दी गई है। वहीं 28 जून को प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के सामूहिक श्रवण का आयोजन किया जाएगा, जिसके प्रभारी धीरेन्द्र कुमार सिन्हा होंगे।
प्रदेश संयोजक सतीश राजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। इन्हीं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और खेल जगत से जुड़े लोगों को जोड़ने के उद्देश्य से भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ राज्यव्यापी कार्यक्रमों का आयोजन करेगा।





