पटना। टर्निंग प्वाइंट द्वारा आयोजित कासा पिकोला कॉरपोरेट क्रिकेट स्कूल लीग का रंगारंग शुभारंभ मंगलवार को हुआ। उद्घाटन मुकाबले में टायकून लेजेंड ने बेहद रोमांचक संघर्ष में अर्थक्वेक स्टापर्स को 2 विकेट से हराकर जीत के साथ अभियान की शुरुआत की। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और रोमांचक मुकाबले ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं लीग का दूसरा मुकाबला वोलकेनो मास्टर्स ने 10 रन से जीत दर्ज की।
लीग का उद्घाटन डिप्टी मेयर रश्मि चंद्रवंशी, इंद्रदीप चद्रवंशी, पार्षद सह पूर्व सदस्य सशक्त समिति पटना नगर निगम, राज्य कर आयुक्त शशि शेखर ने गुब्बारे उड़ाकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
डिप्टी मेयर रश्मि चंद्रवंशी ने कहा कि क्रिकेट आज युवाओं के बीच सबसे लोकप्रिय खेलों में शामिल है और इस तरह की स्कूल एवं कॉरपोरेट लीग प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी सबसे सशक्त जरिया है।

उन्होंने कहा कि पटना समेत बिहार में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। इस प्रकार के आयोजन से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है। बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण वर्तमान में चल रहे आईपीएल है जहां वैभव सूर्यवंशी और इशान किशन का जमकर बल्ला बोल रहा है। वहीं इस बार की अलग—अलग टीमों में बिहार के आठ प्लेयर्स अपना सर्वश्रेष्ठ दे रहे हैं।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सौरव कुमार, प्रीति रानी और राजीव मिश्रा मौजूद रहे। सभी अतिथियों का स्वागत टर्निंग प्वाइंट के एमडी विजय शर्मा ने शॉल और मोमेंटो देकर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन के अध्यक्ष संतोष तिवारी ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महासचिव नवीन कुमार ने किया। वहीं इस लीग में हेलोसिटी फीजियोथेरेपी एंड रिहेब सेंटर के डॉ बब्लू कुमार द्वारा फीजियो सेवा प्रदान की जा रही है।
पहला मैच
पहले मैच में अर्थक्वेक स्टापर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम 18.5 ओवर में 104 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से विश्वजीत आनंद ने 14 रन, आयुष्मान जैन और शेख आरीश अमीन ने 12-12 रन बनाए। अतिरिक्त के रूप में टीम को 21 रन मिले।
टायकून लेजेंड की ओर से आयुष्मान कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3.5 ओवर में मात्र 9 रन देकर 5 विकेट झटके। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इसके अलावा पीयूष आनंद ने 2 विकेट हासिल किए।
105 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टायकून लेजेंड ने 15.3 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से आरव चंद्रा ने 24 रन, अर्चित करादे ने 17 और हर्षित शर्मा ने 16 रन की उपयोगी पारी खेली। अर्थक्वेक स्टापर्स के लिए विश्वजीत आनंद, आयुष्मान जैन और पृथ्वी ने दो-दो विकेट लिए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
संक्षिप्त स्कोर
अर्थक्वेक स्टापर्स: 18.5 ओवर में 104/10, आयुष्मान जैन 12, तेजस 10, शेख आरीश अमीन 12, विश्वजीत आनंद 14, अतिरिक्त 21, आयुष्मान कुमार 5/9, पीयूष आनंद 2/26, रिषि सिंह 1/29, रेयांश केशरी 1/19, अमृत राज 1/5.
टायकून लेजेंड : 15.3 ओवर में 105/8, आरव चंद्रा 24, हर्षित शर्मा 16, अर्चित करादे 17, रुणित सिन्हा 11, अतिरिक्त 21, विश्वजीत आनंद 2/26, आयुष्मान जैन 2/29, पृथ्वी 2/24, आशीष राज 1/12, अमन कुमार यादव 1/13.
दूसरा मैच
श्रीकृष्णा क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए लीग के दूसरे मुकाबले में वोल्केनो मास्टर्स ने फ्लड स्मैशर्स को 10 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबले में बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों का दमदार प्रदर्शन देखने को मिला, लेकिन अंत में वोल्केनो मास्टर्स ने दबाव में बेहतर खेल दिखाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वोल्केनो मास्टर्स की टीम ने 18.5 ओवर में 120 रन बनाए। टीम की ओर से अनुपम कुमार ने शानदार 49 रन की पारी खेली, जबकि वेदांत वरुण ने 16 रन का योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त के रूप में 24 रन मिले, जिसने स्कोर को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई। फ्लड स्मैशर्स की ओर से अभय सिंह, आदर्श राज, मानव और रेयांश सिंह ने दो-दो विकेट झटके। हिमांशु कुमार और अनमोल तिवारी को एक-एक सफलता मिली।
121 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्लड स्मैशर्स की टीम 17.2 ओवर में 110 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से आदर्श राज ने 21 रन, हिमांशु कुमार और युगवीर यादव ने 19-19 रन बनाए, जबकि युवराज सिंह ने 18 रन की पारी खेली। अतिरिक्त के रूप में टीम को 23 रन मिले, लेकिन यह जीत के लिए पर्याप्त साबित नहीं हुआ।
वोल्केनो मास्टर्स की ओर से अर्पित लाल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। वेदांत वरुण ने 3 विकेट, जबकि प्रत्युष राज ने 2 विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए अर्पित लाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
संक्षिप्त स्कोर
वोल्केनो मास्टर्स: 18.5 ओवर में 120/10, अनुपम कुमार 49, वेदांत वरुण 16, अतिरिक्त 24, अभय सिंह 2/31, हिमांशु कुमार 1/25, अनमोल तिवारी 1/19, आदर्श राज 2/25, मानव 2/19, रेयांश सिंह 2/0,
फ्लड स्मैशर्स: 17.2 ओवर में 110/10, युवराज सिंह 18, आदर्श राज 21, हिमांशु कुमार 19, युगवीर यादव 19, अतिरिक्त 23, अर्पित लाल 4/17, अनिकेत अजय प्रकाश 1/31, प्रत्युष राज 2/28, वेदांत वरुण 3/13.






