कटिहार: अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में कटिहार जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित बिहार राज्य अंडर-13 शतरंज प्रतियोगिता में दूसरे दिन मुकाबले और रोमांचक हो गए। बालिका वर्ग में तीन चक्रों की समाप्ति के बाद चार खिलाड़ियों ने संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया है, जबकि बालक वर्ग में पटना के जविन जायसवाल शानदार प्रदर्शन करते हुए एकल बढ़त हासिल करने में सफल रहे हैं।
बालिका वर्ग में तीसरे चक्र के मुकाबलों में कई रोचक परिणाम देखने को मिले। शीर्ष बोर्ड पर छपरा की मोहिनी पंडित (रेटिंग 1557) ने काले मोहरों से खेलते हुए पटना की सान्वी सिंह (रेटिंग 1416) को पराजित कर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। वहीं दूसरे बोर्ड पर सहरसा की अनिका यादव (रेटिंग 1536) ने पटना की राज श्री (रेटिंग 1430) को हराकर अपना विजय अभियान जारी रखा।

तीसरे बोर्ड पर दिन का सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां मुजफ्फरपुर की अग्रिमा राज ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पटना की रेटेड खिलाड़ी आराध्या प्रकाश (रेटिंग 1476) को शिकस्त दी। वहीं पूर्णिया की नव्या आकृति ने बेगूसराय की आर्या कर्ण को हराकर तीन अंक पूरे कर लिए। तीन चक्रों के बाद मोहिनी पंडित, अनिका यादव, नव्या आकृति और आराध्या प्रकाश संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर बनी हुई हैं।
बालक वर्ग में चार चक्रों की समाप्ति के बाद पटना के जविन जायसवाल 4 अंकों के साथ अकेले शीर्ष पर पहुंच गए हैं। चौथे चक्र में उन्होंने पूर्णिया के आर्यन कुमार को पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की और प्रतियोगिता में बढ़त बना ली।
हालांकि खिताब की दौड़ अभी पूरी तरह खुली हुई है। साढ़े तीन अंकों के साथ पटना के देवांश केशरी, दरभंगा के हर्षवर्धन सिंह, पश्चिम चंपारण के शिवांश बर्नवाल, लखीसराय के वैभव आनंद और किशनगंज के सुरोनोय दास संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।
प्रतियोगिता में 19 रेटेड खिलाड़ियों की मौजूदगी मुकाबलों को और अधिक प्रतिस्पर्धी बना रही है। राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए शीर्ष दो स्थान हासिल करने की होड़ बेहद रोमांचक हो गई है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चौथे चक्र के शीर्ष छह बोर्डों में से केवल एक मुकाबले का परिणाम निकला, जबकि बाकी सभी मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए।
अब प्रतियोगिता में तीन और चक्र खेले जाने बाकी हैं, ऐसे में खिताब और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफिकेशन की जंग और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है।






