पटना: मसौढ़ी कोर्ट हॉल्ट ग्राउंड पर खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में खुशी टारगेट क्रिकेट अकादमी ने अभिन्नव क्रिकेट अकादमी को 3 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच में दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने जमकर रन बरसाए, लेकिन अंत में हिमांशु यादव की विस्फोटक शतकीय पारी ने मुकाबले का रुख खुशी टारगेट क्रिकेट अकादमी की ओर मोड़ दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिन्नव क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 35 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 355 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सोनू ने शानदार 107 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि सनी ने 71 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ निभाया। कृष्णा ने 47 और सुजल ने 30 रन का योगदान दिया। खुशी टारगेट क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में कुंदन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 39 रन देकर 3 विकेट झटके। पार्थ ने 34 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि अनुनेय ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 1 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया।

356 रनों के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी खुशी टारगेट क्रिकेट अकादमी की शुरुआत दमदार रही। सलामी बल्लेबाज हिमांशु यादव ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाते हुए 134 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस मैच जिताऊ पारी ने टीम को जीत की मजबूत नींव प्रदान की। हिमांशु ने दबाव के बीच संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया और विपक्षी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। हिमांशु के अलावा अमन ने 53 रन, संतोष ने नाबाद 50 रन, अनुनेय ने 26 और प्रांजल ने 25 रन बनाकर लक्ष्य का पीछा करने में अहम भूमिका निभाई। टीम ने 32 ओवर में 7 विकेट खोकर 356 रन बनाते हुए 3 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज कर ली।
अभिन्नव क्रिकेट अकादमी की ओर से मोनू ने 76 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। सोनू और कृष्णा को 1-1 विकेट मिला, लेकिन खुशी टारगेट क्रिकेट अकादमी के बल्लेबाजों के सामने उनकी कोशिशें नाकाफी साबित हुईं। 134 रनों की शानदार और मैच जिताऊ पारी खेलने वाले हिमांशु यादव को ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार सुरेश कुमार मिश्रा ने दिया। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और टीम को यादगार जीत दिलाई।






