पटना: राजधानी पटना में क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन की ओर से आगामी 26 मई से कृष्णा क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित होने वाले कासा पिकोला कॉरपोरेट क्रिकेट स्कूल लीग की तैयारियां अंतिम चरण में है। यह जानकारी देते हुए फाउंडेशन के संस्थापक संतोष तिवारी ने बताया कि इस लीग का मुख्य उद्देश्य पटना जिला में स्कूली स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा देना और स्थानीय प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि चयन ट्रायल पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित किये जायेंगे और हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।
4-4 टीमों के बीच होगी कड़ी प्रतिस्पर्धा
उन्होंने बताया कि दोनों कैटेगरी में कुल 4-4 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे प्रतियोगिता काफी प्रतिस्पर्धात्मक और रोमांचक होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इसमें भाग ले रही टीमों का गठन पिछले दिनों आयोजित कासा पिकोला स्कूल क्रिकेट लीग अंडर-15 और अंडर-12 के प्रदर्शन के आधार पर किया गया। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता पटना जिला के स्कूलों के खिलाड़ी ही हिस्सा ले रहे हैं, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता और बेहतर अवसर मिल सके।

सफेद गेंद और रंगीन ड्रेस में होंगे मुकाबले
इस लीग की खास बात यह होगी कि सभी मुकाबले सफेद गेंद से रंगीन ड्रेस (कलर किट) में खेले जायेंगे, जिससे खिलाड़ियों को प्रोफेशनल क्रिकेट जैसा अनुभव मिलेगा। आयोजन समिति का मानना है कि इस तरह के प्रारूप से खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ेगी और वे बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकेंगे।
खिलाड़ियों पर होगी पुरस्कारों की बारिश
लीग के दौरान खिलाड़ियों के लिए आकर्षक पुरस्कारों की व्यवस्था भी की गई है। विजेता और उपविजेता टीमों के साथ-साथ बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया जायेगा। साथ ही, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं और चयन प्रक्रियाओं में प्राथमिकता देने की भी योजना है। उन्होंने आगे कहा कि इस लीग को और बड़े स्तर पर आयोजित करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को इसका लाभ मिल सके। यह लीग निश्चित रूप से पटना के उभरते क्रिकेटरों के लिए एक सुनहरा अवसर साबित होगी, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर आगे बढ़ने का रास्ता तैयार कर सकेंगे।






