दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के युवा कराटे खिलाड़ी प्रेयांश ने एक बार फिर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। उनका चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता WKF Karate1 Youth League के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 14 से 17 मई तक फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित होगी, जिसमें दुनिया भर के चुनिंदा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस प्रतियोगिता की खास बात यह है कि दरभंगा के कराटे प्रशिक्षक मुकेश मिश्रा भी भारतीय टीम के साथ बतौर कोच शामिल रहेंगे। दोनों का चयन कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन (KIO) द्वारा किया गया है, जो भारत में कराटे खेल के लिए विश्व कराटे महासंघ (WKF) से संबद्ध एकमात्र मान्यता प्राप्त संस्था है।
प्रेयांश पिछले कुछ वर्षों से लगातार राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते आ रहे हैं। वर्ष 2025 में देहरादून में आयोजित चौथी KIO नेशनल जूनियर कराटे चैंपियनशिप में उन्होंने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। इसके अलावा 69वें नेशनल स्कूल गेम्स कराटे प्रतियोगिता 2025-26, पुणे में भी उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया। अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने से दरभंगा सहित पूरे बिहार में खुशी का माहौल है।

प्रेयांश की सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षक मुकेश मिश्रा की मेहनत और तकनीकी मार्गदर्शन की अहम भूमिका मानी जा रही है। मुकेश मिश्रा वर्ष 2017 से दरभंगा और आसपास के क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर बिहार को गौरवान्वित किया है। अब उनके शिष्य प्रेयांश का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन होना उनके प्रशिक्षण की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
मुकेश मिश्रा वर्तमान में बिहार कराटे टीम के सीनियर कोच के रूप में कार्यरत हैं। साथ ही वे बिहार के पहले ऐसे प्रशिक्षक हैं, जिन्हें विश्व कराटे महासंघ (WKF) से कोच की आधिकारिक मान्यता प्राप्त है। खेल जगत में इसे बिहार कराटे के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
स्टेट कराटे एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष अभय कुमार और महासचिव पंकज कंबली ने प्रेयांश और प्रशिक्षक मुकेश मिश्रा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पूरे बिहार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।
वहीं, दरभंगा के खेल पदाधिकारी परिमल ने कहा कि जिले के खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना स्थानीय प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां युवा खिलाड़ियों को खेल के प्रति समर्पण और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
प्रेयांश ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। वहीं, प्रशिक्षक मुकेश मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर लगातार विशेष प्रशिक्षण और फिटनेस पर काम किया जा रहा है, ताकि भारतीय टीम बेहतर प्रदर्शन कर सके।






