कटिहार: अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में कटिहार जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित बिहार राज्य अंडर-13 शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को कटिहार के मॉफरगंज स्थित अग्रसेन भवन में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि कटिहार की महापौर उषा देवी अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में संजीव सुरेखा, कटिहार जिला शतरंज संघ के उपाध्यक्ष डॉ. शंभूनाथ, गीत अविनाश, आयोजन सचिव प्रत्यूष कुमार तथा प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक नंदकिशोर मौजूद रहे।
राज्य स्तरीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से लगभग 100 प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। बालक वर्ग में 19 रेटेड खिलाड़ियों सहित कुल 69 प्रतिभागी अपनी चालों का कौशल दिखा रहे हैं, जबकि बालिका वर्ग में 7 रेटेड खिलाड़ियों समेत 30 खिलाड़ी मुकाबले में शामिल हैं। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में सात और बालिका वर्ग में छह चक्र खेले जाएंगे।

पहले दिन खेले गए मुकाबलों में अधिकांश वरीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। बालक वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी देवांश केशरी सहित सभी प्रमुख खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई।
वहीं बालिका वर्ग में धान्वी कर्मकार, मोहिनी पंडित, अनिका यादव, आराध्या प्रकाश, राज श्री और सान्वी जैसी रेटेड खिलाड़ियों ने भी अपनी-अपनी बाजियां जीतकर खिताब की दावेदारी मजबूत कर दी।
हालांकि पहले ही दौर में एक बड़ा उलटफेर भी देखने को मिला। दरभंगा की चौथी वरीयता प्राप्त रेटेड खिलाड़ी मनीषा यादव को पूर्णिया की नव्या आकृति ने सफेद मोहरों से खेलते हुए पराजित कर प्रतियोगिता का सबसे बड़ा सरप्राइज दिया। नव्या की इस जीत ने प्रतियोगिता को और रोमांचक बना दिया है तथा आने वाले दौरों के लिए प्रतिस्पर्धा को और दिलचस्प बना दिया है।
प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली और शतरंज प्रेमियों को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। आगामी दौरों में मुकाबले और भी चुनौतीपूर्ण होने की उम्मीद है, जहां राज्य के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाने की कोशिश करेंगे।






