पटना: बिहार प्राइड कप को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। टूर्नामेंट के लिए चयन प्रक्रिया के तहत 15 और 16 मई को पटना के पंकज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ट्रायल मैच आयोजित किए जाएंगे, जिसमें राज्यभर से आए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
टूर्नामेंट के लिए कुल छह टीमों A, B, C, D, E और F का गठन किया गया है। इन टीमों के बीच मुकाबलों के जरिए खिलाड़ियों के प्रदर्शन का गहन मूल्यांकन किया जाएगा। टूर्नामेंट अध्यक्ष सुनील पासवान ने बताया कि ट्रायल मैच के दौरान खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस और मैच परिस्थितियों में प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए बिहार प्राइड कप की फाइनल टीम के लिए 25 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

वहीं, टूर्नामेंट कन्वेनर प्रभात कुमार ने स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और प्रदर्शन आधारित होगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सही मंच देना है, ताकि वे अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ सकें। उन्होंने यह भी बताया कि ट्रायल को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बिहार के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी इसमें भाग लेने पटना पहुंच रहे हैं।
आयोजन समिति के अनुसार, पहले चरण के अलावा ट्रायल के शेष मुकाबले 16 और 17 मई को अन्य निर्धारित स्थलों पर भी आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक खिलाड़ी और संबंधित व्यक्ति विस्तृत जानकारी के लिए कन्वेनर से 9939089666 संपर्क कर सकते हैं। यह ट्रायल न केवल खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर है, बल्कि बिहार क्रिकेट को नई प्रतिभाएं देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





