पटना: बिहार क्रिकेट संघ (BCA) के घरेलू सत्र 2025-26 के तहत आयोजित बीसीए मेंस टी20 ट्रॉफी के मगध जोन मुकाबले में नालंदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नवादा को तीन विकेट से हरा दिया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां नालंदा ने आखिरी ओवर में जीत हासिल कर मैच अपने नाम किया।
टॉस जीतकर नालंदा ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नवादा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 152 रन बनाए। टीम की ओर से विवेक ने 36 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि सुमन ने 30, गौरव ने 29, आदर्श ने 22 और हर्ष ने 16 रन का योगदान दिया। नालंदा की ओर से गेंदबाजी में आदित्य राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 28 रन देकर 3 विकेट झटके। सुमन ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि राजामणि और अर्णव किशोर को एक-एक सफलता मिली।

153 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नालंदा की शुरुआत संभली हुई रही, लेकिन बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने से मुकाबला रोमांचक हो गया। ऐसे दबाव भरे माहौल में राजामणि ने जिम्मेदारी संभालते हुए जुझारू नाबाद 38 रन की पारी खेली और टीम को जीत तक पहुंचाया।
नालंदा ने 19.4 ओवर में 8 विकेट खोकर 154 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से कप्तान नमन् गौरव ने 38 रन, मुन्ना कुमार ने 20 रन, अर्णव किशोर ने 12 रन और अमित कुमार ने नाबाद 13 रन का योगदान दिया। नवादा के गेंदबाजों ने भी कड़ी टक्कर दी। अर्णव ने 44 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि सागर, आदर्श और सुमन ने भी दो-दो विकेट चटकाए।
मैच में शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए नालंदा के आदित्य राज को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उनकी घातक गेंदबाजी ने नवादा को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोकने में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ नालंदा ने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की है और टीम का आत्मविश्वास भी काफी बढ़ा है।






