जहानाबाद: एरोड्रम स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में किरण क्रिकेट एकेडमी, जहानाबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रोफेशनल क्रिकेट ट्रेनिंग सेंटर (PCTC) को 7 रन से हरा दिया। मैच आखिरी ओवर तक सांसें रोक देने वाला रहा, जहां गेंदबाजों ने दबाव में शानदार खेल दिखाते हुए टीम को जीत दिलाई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए किरण क्रिकेट एकेडमी ने 29.3 ओवर में 228 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की जीत के हीरो रहे अंकुल कुमार, जिन्होंने मात्र 61 गेंदों पर 112 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 18 चौके और 3 छक्के जड़कर विपक्षी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उनके अलावा उमंग रविंद्र ने 19 और अदीद यूसुफ ने 17 रन का योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीसीटीसी की टीम ने भी कड़ा मुकाबला दिया। प्रकाश कुमार (पृथ्वी) ने 90 रन की शानदार नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। कप्तान पीयूष कुमार ने 26 और दीपक यादव ने 29 रन बनाकर मैच को रोमांचक बना दिया।
हालांकि, अंत के ओवरों में किरण एकेडमी के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए मैच पलट दिया। आयुष रंजन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि रोशन कुमार ने 4 विकेट लेकर विरोधी बल्लेबाजी को झकझोर दिया। टीम ने 35 ओवर में 7 विकेट पर 221 रन ही बनने दिए और 7 रन से जीत अपने नाम कर ली।
इस मुकाबले में अंकुल कुमार की शतकीय पारी निर्णायक साबित हुई, जिसके दम पर किरण क्रिकेट एकेडमी ने शानदार जीत दर्ज की। वहीं, प्रकाश कुमार की जुझारू पारी के बावजूद पीसीटीसी को करीबी हार का सामना करना पड़ा।





