पटना, 4 अप्रैल। पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेली जा रही अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग (सुपर सिक्स) के मुकाबले में वाईएमसीसी ने अधिकारी इलेवन को पांच विकेट से हराया। इस जीत के साथ वाईएमसीसी ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। विजेता टीम के सूरज कश्यप को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
स्थानीय जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी पर खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अधीकारी इलेवन की टीम 36.2 ओवर में 194 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से कुमार रजनीश ने शानदार 76 रन (73 गेंद) की पारी खेली, जिसमें 12 चौके और एक छक्का शामिल था। उनके अलावा संतोष केशरी ने 40 रन और अमन अविनाश ने 23 रन का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। वाईएमसीसी की ओर से गेंदबाजी में दिव्यांश और गौरव राज ने 3-3 विकेट झटके, जबकि सत्यम कुमार ने 2 विकेट हासिल किए।

195 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वाईएमसीसी ने 32.3 ओवर में 5 विकेट खोकर मैच जीत लिया। सूरज कश्यप ने नाबाद 63 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। वहीं श्यामल पांडे ने 46 रन और कप्तान विराट पांडे ने 43 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। अधिकारी इलेवन की ओर से आकाश राज ने 2 विकेट लिए, लेकिन बाकी गेंदबाज दबाव बनाने में सफल नहीं हो सके।
संक्षिप्त स्कोर
अधिकारी इलेवन- 36.2 ओवर में 194 रन पर ऑल आउट, रजनीश कुमार 76, संतोष केशरी 40, अमन अविनाश 23, सचिन कुमार 15, अतिरिक्त 19, दिव्यांश 3/22, गौरव राज 3/42, सत्यम 2/13, सूरज कश्यप 1/35, संजीत कुमार 1/39
वाईएमसीसी : 32.3 ओवर में पांच विकेट पर 196 रन, सूरज कश्यप नाबाद 63, श्यामल पांडे 46, विराट पांडे 43
आकाश राज 2/38, मलय 1/32, नीरज सिंह 1/38, रौशन कुमार 1/50






