पटना, 26 अप्रैल। पद्म विभूषण राम विलास पासवान की स्मृति में आयोजित ‘बिहार प्राइड कप’ के तहत पुरुष खिलाड़ियों के तीसरे चरण के ट्रायल की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह आयोजन राष्ट्रीय लोकशाक्ति पार्टी के तत्वावधान में कराया जा रहा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष सुनील पासवान ने चयन प्रक्रिया को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
समिति के अनुसार, राज्यभर के खिलाड़ियों को अवसर देने के उद्देश्य से अप्रैल माह में चार केंद्रों पर ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें से दो चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं। सभी ट्रायल प्रातः 9 बजे से शुरू हो रहे हैं और खिलाड़ियों को निर्धारित केंद्र पर ही भाग लेना अनिवार्य होगा।
तीसरे चरण का आयोजन 27 अप्रैल को मोतिहारी स्थित जीके स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी, गांधी मैदान में किया जाएगा। इस चरण में सिवान, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, सारण, मुज़फ्फरपुर एवं वैशाली जिलों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इससे पहले आयोजित ट्रायल के पहले चरण में 829 तथा दूसरे चरण में 478 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। खिलाड़ियों की उल्लेखनीय भागीदारी को देखते हुए तीसरे चरण में भी बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।

टूर्नामेंट के संचालन की जिम्मेदारी The GamePlan Co को सौंपी गई है, जो आयोजन को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में जुटी है।आयोजन समिति द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, खिलाड़ियों के लिए रंगीन खेल पोशाक में उपस्थित होना अनिवार्य किया गया है। साथ ही, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, जन्म प्रमाण पत्र या पासपोर्ट जैसे वैध पहचान पत्र साथ लाना होगा। चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए तीन सदस्यीय चयन समिति का गठन किया गया है। विशेष बात यह है कि ट्रायल में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
ट्रायल के उपरांत छह पुरुष टीमों का गठन किया जाएगा, जिनके बीच मुकाबलों का कार्यक्रम शीघ्र जारी किया जाएगा। आयोजन समिति का मानना है कि यह प्रतियोगिता राज्य के उभरते खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगी। इस बीच, टूर्नामेंट के अनुमोदन के लिए बिहार क्रिकेट एसोसिएशन को आवेदन एवं ईमेल भेजा गया है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि जल्द होने की उम्मीद है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक खिलाड़ी गुलाब खान (मोबाइल: 99558 88412) से संपर्क कर सकते हैं।






