पटना। जिला खेल कार्यालय, पटना के लिए यह अत्यंत गर्व और खुशी का विषय है कि जिले के होनहार क्रिकेट खिलाड़ी शाश्वत राज का चयन बिहार टीम में हुआ है। वह आगामी एसजीएफआई (SGFI) अंडर-17 राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता 26 अप्रैल से 1 मई 2026 तक तेलंगाना के महबूबनगर में आयोजित की जाएगी।
शाश्वत राज ने पटना एसजीएफआई अंडर-17 क्रिकेट टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। टीम की सफलता में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्तमान में वह अल्फा स्पोर्ट्स एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जहाँ अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उन्होंने अपने खेल कौशल को और निखारा है। उनके निरंतर बेहतरीन प्रदर्शन, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का ही परिणाम है कि उन्हें बिहार टीम में स्थान मिला है।

जिला खेल पदाधिकारी, पटना ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि शाश्वत की सफलता अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। साथ ही, उन्होंने एसजीएफआई क्रिकेट संयोजक के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि शाश्वत राज राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार और पटना जिले का नाम रोशन करेंगे। जिला खेल कार्यालय, पटना ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।





