पटना। खुशी टारगेट क्रिकेट एकेडमी दीघा और खुशी टारगेट क्रिकेट एकेडमी नयागांव के बीच खेला गया। पार्थ की शतकीय पारी के बदौलत खुशी टारगेट क्रिकेट एकेडमी दीघा की टीम ने हर विभाग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 67 रनों से जीत हासिल की। वहीं सन्नी ने गेंदबाजी में 5 विकेट चटकाए।
पार्थ का शतक
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दीघा ने 35 ओवर में 271 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इस पारी के स्टार रहे पार्थ, जिन्होंने महज 55 गेंदों में नाबाद 100 रन की विस्फोटक पारी खेली। पार्थ वर्तमान में अंडर-16 जिला टीम का हिस्सा हैं और उन्होंने अपने प्रदर्शन से एक बार फिर अपनी प्रतिभा साबित की। उनके अलावा आदित्य चौहान ने 34 रन, प्रवीण ने नाबाद 27 रन, आयुष रंजन ने 24 और जैकी ने 22 रन का योगदान दिया। नयागांव की ओर से गेंदबाजी में अजय (3/32), मुकेश (2/37) और प्रियांशु (2/45) ने विकेट हासिल किए।

छोटू की शानदार पारी बेकार, सनी-श्रेयांश ने पलटा मैच
272 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नयागांव की टीम 33 ओवर में 204 रन बनाकर सिमट गई। टीम के लिए छोटू ने बेहतरीन 94 रनों की पारी खेली, जबकि मुकेश ने नाबाद 40 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। दीघा की ओर से सन्नी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट (5/24) झटके और मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। वहीं श्रेयांश ने अपने पहले ही ओवर में 3 विकेट लेकर सबको प्रभावित किया। कान्हा ने भी 2 विकेट अपने नाम किए।
पार्थ और सनी को मिला मैन ऑफ द मैच
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए पार्थ (नाबाद 100) और सन्नी (5 विकेट) को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार केटीसीए के बॉलिंग एवं फिटनेस ट्रेनर प्रभात सर द्वारा प्रदान किया गया। इस शानदार जीत के साथ दीघा की टीम ने एकबार फिर अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में संतुलित प्रदर्शन टीम की जीत की बड़ी वजह रही।






