सोनपुर: शुक्रवार को खेले गए पहले मुकाबले में इंजीनियरिंग विभाग ने कुंदन की घातक गेंदबाजी और सलामी बल्लेबाज मिथिलेश के नाबाद अर्धशतक की बदौलत परिचालन विभाग को 8 विकेट से पराजित कर जीत अपने नाम की। मिथिलेश को नाबाद 56 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान देने के लिए मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।
परिचालन विभाग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन सलामी बल्लेबाज मनोज केवल 1 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान पवन भी ज्यादा योगदान नहीं दे पाए और टीम का स्कोर केवल 32 रन पर दूसरे विकेट के रूप में गिर गया। इसके बाद बल्लेबाज सरोज ने सलामी बल्लेबाज ऋषिकेश के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 97 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। ऋषिकेश 82 और सरोज 34 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इसके बाद बल्लेबाज अरविंद ने 11 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच सके। इस तरह परिचालन विभाग ने निर्धारित ओवर में कुल 8 विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए। इंजीनियरिंग विभाग की ओर से कुंदन ने 4 ओवर में 23 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट लिए। इसके अलावा राजीव ने 2 और विकास ने 1 विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने शुरुआत में सलामी बल्लेबाज रंजीत के 30 रन और मिथिलेश के नाबाद 56 रन की मदद से पहले विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी कर टीम को सुरक्षित स्थिति में रखा। इसके बाद समीर ने ताबड़तोड़ 26 रन बनाए और कुंदन ने 10 रन का योगदान दिया। इंजीनियरिंग विभाग ने निर्धारित लक्ष्य 2 विकेट खोकर और 35 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। परिचालन विभाग की ओर से ऋषिकेश और अनूप को 1-1 विकेट मिला।






