पटना/नालंदा। बीसीए मेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी 2025-26 के दूसरे सेमीफाइनल में बेगूसराय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गया को 7 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मुकाबला 24 अप्रैल 2026 को नालंदा जिला क्रिकेट संघ की मेजबानी में खेला गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गया की टीम मात्र 88 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से अभिषेक ने 41 रन और बिपिन ने 12 रन का योगदान दिया। बेगूसराय की ओर से गेंदबाजी में नितीश कुमार ने घातक प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 8 रन देकर 4 विकेट झटके। आयुष ने 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि हर्ष ने 34 रन पर 2 विकेट लिए और हर्ष वर्मा ने 1 विकेट अपने नाम किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेगूसराय की टीम ने महज 15.5 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 91 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। बल्लेबाजी में आशीष ने 24 रन, अभिनव ने 13 रन, अंकित ने नाबाद 13 रन और युवराज ने नाबाद 33 रनों की अहम पारी खेली। गया की ओर से प्रीतम ने 44 रन देकर 3 विकेट लिए।
इस मुकाबले के मैन ऑफ द मैच बेगूसराय के नितीश कुमार को चुना गया। मैच के दौरान क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अब फाइनल मुकाबला 26 अप्रैल 2026 को भोजपुर और बेगूसराय के बीच खेला जाएगा।





