नालंदा। बिहार क्रिकेट संघ के घरेलू सत्र 2025-26 के तहत आयोजित बीसीए मेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में बेगूसराय ने भोजपुर को 3 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। यह मुकाबला नालंदा जिला क्रिकेट संघ की मेजबानी में खेला गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भोजपुर की टीम 48.3 ओवर में 169 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से अर्जुन ने शानदार अर्धशतक (51 रन) लगाया। इसके अलावा आरुष ने 29 रन, रितेश ने 25 रन, मोहित ने 14 रन और आश्विन ने 12 रन का योगदान दिया। बेगूसराय की ओर से गेंदबाजी में आशीष कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 8.3 ओवर में 28 रन देकर 4 विकेट झटके। नितीश ने 10 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि आयुष, हर्ष और हर्ष शर्मा ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेगूसराय की टीम को जीत के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा, लेकिन अंततः टीम ने 48.4 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाकर रोमांचक मुकाबले में 3 विकेट से जीत दर्ज कर ली। बल्लेबाजी में आशीष कुमार ने 42 रन की अहम पारी खेली, जबकि चंदन ने 39 रन, नितीश ने 20 रन बनाए। अंत में हर्ष शर्मा (नाबाद 13) और हर्ष (नाबाद 14) ने टीम को जीत तक पहुंचाया।
भोजपुर की ओर से गेंदबाजी में मोहित ने 10 ओवर में एक मेडन के साथ 31 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके अलावा आश्विन, अर्जुन और शिवांश को एक-एक सफलता मिली। इस मुकाबले के मैन ऑफ द मैच बेगूसराय के आशीष कुमार को चुना गया।
फाइनल मुकाबले के दौरान बिहार क्रिकेट संघ के ओएसडी मनोज कुमार सिंह, क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





