नालंदा: नालंदा में खेले जा रहे बिहार क्रिकेट संघ (BCA) के घरेलू सत्र 2025-26 के तहत बीसीए मेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में गया (मगध जोन) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीतामढ़ी (मिथिला जोन) को 69 रनों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
गया की मजबूत बल्लेबाजी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गया की टीम ने 50 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 281 रन बनाए। टीम की ओर से प्रीतम ने बेहतरीन 80 रन की पारी खेली, जबकि अभिषेक ने 50 रन का योगदान दिया। इसके अलावा बिपिन ने 40, अमन ने 10 और आयुष ने 15 रन जोड़े। सीतामढ़ी की ओर से गेंदबाजी में अखिलेश कुमार ने 55 रन देकर 3 विकेट लिए। वैभव को 2 विकेट (40 रन), आयुष को 2 विकेट (51 रन) और प्रत्यूष को 2 विकेट (46 रन) मिले।

सीतामढ़ी की पारी लड़खड़ाई
282 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीतामढ़ी की टीम 43.4 ओवर में 212 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अखिलेश कुमार ने 63 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि आलोक ने 58 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में अक्षत और शिवानंद ने 13-13 रन तथा अंकित ने 11 रन का योगदान दिया। गया की ओर से गेंदबाजी में प्रीतम और अमन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट झटके। वहीं आयुष को 1 विकेट मिला। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए गया के प्रीतम राज को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच में मौजूद रहे ये गणमान्य लोग
इस अवसर पर क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार, गंगा प्रसाद, डॉ. संजय, संतोष पांडेय, हैदर अली, सिद्धार्थ कुमार, बाबा बिक्रम सोलंकी और परवेज मुस्तफा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अब 20 अप्रैल 2026 को अंगिका जोन और सेंट्रल जोन के विजेता के बीच अगला मुकाबला खेला जाएगा।







