नालंदा: नालंदा जिला क्रिकेट संघ की मेजबानी में आयोजित बीसीए मेंस अंडर-16 वनडे ट्रॉफी 2025-26 (मगध जोन) का मुकाबला मंगलवार, 14 अप्रैल 2026 को गया और नवादा के बीच खेला गया। इस मुकाबले में गया की टीम ने हर विभाग में शानदार प्रदर्शन करते हुए नवादा को 47 रनों से पराजित कर टूर्नामेंट में महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।
गया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.1 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 206 रन बनाए। टीम की ओर से नीतीश ने शानदार 53 रन की पारी खेली, जबकि करू शर्मा ने 44 रन, विकास ने 26 रन और अमन व प्रदीप ने 18-18 रन का योगदान दिया। नवादा की ओर से राज ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 21 रन देकर 4 विकेट झटके, वहीं अंकित, विकास और सचिन ने दो-दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नवादा की टीम दबाव में नजर आई और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पूरी टीम 35 ओवर में 157 रन पर सिमट गई। नवादा की ओर से अंकित ने 35 रन, विक्रम ने 29 रन, मंटू ने 20 रन, धरम ने 16 रन और प्रिंस ने 13 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। गया की ओर से गेंदबाजी में अमित कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए और मैच के हीरो बने। उन्हें संगम, मोहम्मद मुस्ताक और विक्रम ने दो-दो विकेट लेकर अच्छा साथ दिया।
मैच के दौरान ये अतिथिगण रहे मौजूद
मैच के दौरान क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। शानदार प्रदर्शन के लिए गया के अमित कुमार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। अब इस टूर्नामेंट का अगला मुकाबला 15 अप्रैल 2026 को गया और नालंदा के बीच खेला जाएगा।






