KRIDA NEWS

DPS पटना ईस्ट में चार दिवसीय तैराकी प्रतियोगिता का भव्य समापन, विजेताओं को किया गया सम्मानित

पटना: दिल्ली पब्लिक स्कूल, पटना ईस्ट में 5 अगस्त 2025 (मंगलवार) को सीबीएसई क्लस्टर III ईस्ट जोनल तैराकी प्रतियोगिता का अति भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। यह समारोह संध्या 7 बजे विद्यालय के अत्याधुनिक सभागार में संपन्न हुआ। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता का आरंभ 2 अगस्त को हुआ था, जिसमें 144 विद्यालयों के 800 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। 2000 से अधिक स्पर्धाएं विद्यालय के एक्वेटिक कॉम्प्लेक्स में आयोजित की गईं।

समापन समारोह का शुभारंभ अंतर्राष्ट्रीय पैरा-तैराकी चैंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता श्री मो. शम्स आलम शेख, विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश अल्फ्रेड और डिप्टी हेड मो. अशफाक इकबाल द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति हुई तथा विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस प्रतियोगिता में फ्रीस्टाइल, बैकस्ट्रोक, ब्रेस्टस्ट्रोक, बटरफ्लाई और रिले रेस आदि का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों में:

  • लखनऊ पब्लिक कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

  • सनबीम स्कूल वरुणा, वाराणसी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

  • जे. बी. एकेडमी, अयोध्या को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

व्यक्तिगत श्रेणी में पुरस्कृत प्रतिभागी:

  • अंडर-11 (बालक): विश्व विजय सिंह

  • अंडर-11 (बालिका): परिधि

  • अंडर-14 (बालक): शिवेन्द्र यादव

  • अंडर-14 (बालिका): इजिया सिंह, सृजिता सेन

  • अंडर-17 (बालक): मो. अयान खान, अंगद विश्वकर्मा

  • अंडर-17 (बालिका): प्राची पल्लवी सहो

  • अंडर-19 (बालक): अरमान कपूर

  • अंडर-19 (बालिका): याशिका श्रीवास्तव

प्रधानाचार्य डॉ. राकेश अल्फ्रेड ने अपने उद्बोधन में कहा, “यह प्रतियोगिता केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य बच्चों को एक सभ्य, सुसंस्कृत और जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करना है, जो अपनी प्रतिभा, कौशल और अनुशासन से जीवन में आगे बढ़ सकें।”

विद्यालय ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए उच्च स्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित की। जिसमें यातायात, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अनुशासन की बेहतरीन व्यवस्था शामिल रही। मेहमानों, प्रतिभागियों और अभिभावकों ने विद्यालय की प्रशासनिक कुशलता और प्रबंधन की सराहना की।

कार्यक्रम का समापन प्रधान छात्र द्वारा धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। दिल्ली पब्लिक स्कूल, पटना ईस्ट की सदैव यह परंपरा रही है कि वह शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ शारीरिक गतिविधियों, खेल और जीवन मूल्यों के विकास को भी समान महत्व देता है। यह आयोजन उसी परंपरा की एक शानदार मिसाल रहा, जिसे प्रतिभागियों ने भी “जीवन का अविस्मरणीय अनुभव” बताया।

Read More

लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताबी भिड़ंत दबंग व थंडरबोल्ट के बीच रविवार को

पटना: लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट टूर्नामेंट को उसके दोनों फाइनलिस्ट मिल गए हैं। खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में दबंग ने चैंपियंस को 13 रन से हराकर जहां खिताबी मुकाबले में जगह बनाई, वहीं दूसरे सेमीफाइनल में थंडरबोल्ट ने लायंस को एक विकेट से मात देकर फाइनल का टिकट कटाया। अब रविवार को श्रीकृष्णा खेल मैदान, खेमनीचक, पटना में दबंग और थंडरबोल्ट के बीच खिताबी भिड़ंत होगी।

दबंग की जीत का सिलसिला बरकरार

पहले सेमीफाइनल में चैंपियंस ने टॉस जीतकर दबंग को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। दबंग के बल्लेबाजों ने इस मौके को शानदार प्रदर्शन में बदला। आदर्श राज ने 66 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि रूणित सिन्हा ने 34 और युगवीर यादव ने 22 रन का अहम योगदान दिया। दबंग ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 161 रन बनाए।

जवाब में खेलने उतरी चैंपियंस की टीम लक्ष्य के करीब तो पहुंची, लेकिन जीत से चूक गई। पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 148 रन ही बना सकी। इस पारी में अतिरिक्त 51 रन चैंपियंस के स्कोर का बड़ा हिस्सा रहे। दबंग की ओर से हर्ष राज (4/26) और पियूष राज (2/20) ने शानदार गेंदबाजी की। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए आदर्श राज को दीपमाला गुप्ता और निशा सिन्हा ने संयुक्त रूप से मैच आफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।

संक्षिप्त स्कोर
दबंग:20 ओवर में 8 विकेट पर 161 रन, आदर्श राज 66, रूणित सिन्हा 34, युगवीर यादव 22, अतिरिक्त 20। गेंदबाजी: ध्रुव कुमार 1/13, दिव्यांशु 1/29, हरिओम 1/20
चैंपियंस: 20 ओवर में 8 विकेट पर 148 रन, मुन्ना 22, ध्रुव 16, विनीत 15, अतिरिक्त 51। गेंदबाजी: हर्ष राज 4/26, पियूष राज 2/20, आदर्श राज 2/8

थंडरबोल्ट की सांस रोक देने वाली जीत

टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल लायंस और थंडरबोल्ट के बीच खेला गया। टॉस जीतकर थंडरबोल्ट ने लायंस को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। लायंस की पूरी टीम 17.3 ओवर में मात्र 87 रन पर सिमट गई। थंडरबोल्ट की ओर से विश्वजीत, अभिनव राज, सुजल राज और हिमांशु ने सटीक गेंदबाजी करते हुए लायंस की कमर तोड़ दी। छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए थंडरबोल्ट की पारी भी आसान नहीं रही। लगातार विकेट गिरने के बावजूद टीम ने 16 ओवर में 9 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रोमांचक जीत में विश्वजीत के हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

संक्षिप्त स्कोर
लायंस: 17.3 ओवर में 87 रन पर ऑलआउट, सचिन 22, आर्यन अरविंद सिंह 10, मयंक 10, अतिरिक्त 15। गेंदबाजी: विश्वजीत 2/20, अभिनव राज 2/27, सुजल राज 2/21, हिमांशु 2/9
थंडरबोल्ट: 16 ओवर में 88/9. आयुष 16, श्रेयांश शर्मा 12, नवीन नाबाद 12, अतिरिक्त 25। गेंदबाजी: शिबू भूषण 4/9, सचिन 2/16, मयंक 1/17

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट में क्रिसेंट सीसी ने हासिल की बड़ी जीत, विद्यार्थी सीसी को 10 विकेट से हराया

पटना, 4 फरवरी: पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेली जा रही अधिकारी एम एम प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत बुधवार को खेले गए मुकाबले में क्रिसेंट क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यार्थी क्रिकेट क्लब को 10 विकेट से पराजित किया। प्रिंस कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

विद्यार्थी सीसी की पारी: सनी की जुझारू बल्लेबाजी

स्थानीय अल्फा स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला विद्यार्थी सीसी के लिए भारी पड़ गया और पूरी टीम 26 ओवर में 120 रन पर सिमट गई। कप्तान सनी ने अकेले मोर्चा संभालते हुए नाबाद 69 रन की पारी खेली। उन्होंने 88 गेंदों का सामना किया और 7 चौके व 2 छक्के लगाए। हालांकि, उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका।

शीर्ष क्रम से लेकर निचले क्रम तक विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। पूरी टीम 26 ओवर में 10 विकेट खोकर सिर्फ 120 रन ही बना सकी। क्रिसेंट सीसी की गेंदबाजी बेहद अनुशासित रही। प्रिंस कुमार और रित्विक ने तीन-तीन विकेट झटके। हिमांशु कुमार ने किफायती गेंदबाजी करते हुए दो विकेट हासिल किए, जिससे विद्यार्थी सीसी बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।

लक्ष्य का पीछा: क्रिसेंट सीसी का दबदबा

120 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिसेंट सीसी की टीम ने शुरू से ही मैच पर नियंत्रण बना लिया। सलामी बल्लेबाज अभिनव सिन्हा और मोहम्मद कैफ ने बिना कोई जोखिम लिए शानदार बल्लेबाजी की और विपक्षी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।

अभिनव सिन्हा ने 60 गेंदों पर 64 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 9 चौके शामिल रहे। वहीं मोहम्मद कैफ ने 78 गेंदों पर 47 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई नाबाद साझेदारी के दम पर क्रिसेंट सीसी ने 22.4 ओवर में बिना विकेट गंवाए 123 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

संक्षिप्त स्कोर
विद्यार्थी सीसी: 120/10 (26 ओवर), सनी नाबाद 69, प्रिंस कुमार 3/18, रित्विक 3/29, हिमांशु कुमार 2/15
क्रिसेंट सीसी: 123/0 (22.4 ओवर), अभिनव सिन्हा नाबाद 64, मोहम्मद कैफ नाबाद 47

Read More

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की बिहार रूरल लीग का कैंप शुरू, 105 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

पटना: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित बिहार रूरल लीग के तहत खुशी टारगेट क्रिकेट एकेडमी, दीघा (पटना) में आज से चयन कैंप का शुभारंभ हो गया। कैंप के पहले दिन खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला और कुल 105 खिलाड़ियों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। मीडिया प्रभारी रूपक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कैंप बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच देने और मजबूत टीम तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

कैंप कन्वेनर प्रभात कुमार ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जा रही है और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कैंप के दौरान फिटनेस टेस्ट, स्किल असेसमेंट और मैच प्रैक्टिस सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे खिलाड़ियों की क्षमता का सही आकलन किया जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि जहां एक ओर बड़ी संख्या में खिलाड़ी कैंप में शामिल हुए, वहीं सैकड़ों खिलाड़ियों ने काउंसिल की परीक्षाओं का हवाला देते हुए कैंप और मैच की घोषित तिथियों में बदलाव की मांग की है। खिलाड़ियों की इस मांग पर रूरल लीग मैनेजमेंट गंभीरता से विचार कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को मौका मिल सके।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से पटना सहित आसपास के सभी खिलाड़ियों को सूचित किया गया है कि भले ही वे कैंप का हिस्सा नहीं बन पाए हों, फिर भी कैंप स्थल पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। इससे चयन प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा किया जा सकेगा और टीम को अंतिम रूप देने में सहूलियत होगी। आयोजकों ने उम्मीद जताई है कि बिहार रूरल लीग के माध्यम से नए और उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा।

Read More

लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट टूर्नामेंट में चेंजर्स जीता, वारियर्स ने सुपरकिंग्स को 1 रन से हराया

पटना । श्रीकृष्णा खेल मैदान, खेमनीचक, पटना में खेले जा रहे लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट मैच में चेंजर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइटर्स को 59 रनों से पराजित किया। मुकाबले में टॉस जीतकर फाइटर्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन चेंजर्स के बल्लेबाजों ने तय 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाकर मजबूत लक्ष्य खड़ा किया।

चेंजर्स की ओर से शौर्य समीर ने जिम्मेदार और आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 43 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। उनके अलावा स्वजित टासकट ने 19 रन, तमजीद आलम ने 18 रन और रयान अनवर ने 12 रनों का योगदान दिया। टीम को एक्स्ट्रा के रूप में 18 रन मिले, जो स्कोर को मजबूती देने में अहम साबित हुए।

170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फाइटर्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 17.1 ओवर में 110 रन पर सिमट गई। फाइटर्स की ओर से सचिन यादव ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, जबकि अनुपम राज ने 15 रन और आदर्श कुमार व नीरज ने 11-11 रनों का योगदान दिया। टीम को एक्स्ट्रा के रूप में 21 रन मिले, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए विजेता टीम के शौर्य समीर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

संक्षिप्त स्कोर
चैंजर्स 169/9 (20 ओवर), तमजीद आलम 18, रयान अनवर 12, शौर्य समीर 43, स्वजीत डासकट 19, अतिरिक्त 18, सचिन यादव 3/25, श्याम कुमार 2/27, कार्तिक चौधरी 2/48.

फाइटर्स 110/10 (17.1 ओवर), रोहित कुमार 10, आदर्श कुमार 11, सचिन यादव 29, अनुपम राज 15, नीरज 11, अतिरिक्त 21, विशाल 2/28, जीत यादव 2/18.

दिन का दूसरा मुकाबला दर्शकों के लिए सांसें रोक देने वाला साबित हुआ, जहां वारियर्स और सुपरकिंग्स के बीच खेला गया मैच आखिरी गेंद तक रोमांच से भरा रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वारियर्स की टीम ने आक्रामक अंदाज में रन बटोरते हुए 19.5 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 179 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

वारियर्स की पारी में कप्तान आयुष यादव ने शानदार नेतृत्व करते हुए 39 रनों की अहम पारी खेली। उनके अलावा प्रत्युष सुंदरम ने 24 रन बनाए, जबकि अमन कुमार और रोहन कुमार ने 21–21 रनों का योगदान दिया। शुभम घोष ने 15 रन जोड़े। टीम को एक्स्ट्रा के रूप में 45 रन मिले, जिसने कुल स्कोर को मजबूती दी।

180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपरकिंग्स की टीम ने भी जोरदार मुकाबला पेश किया। हर्ष राज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 57 रन बनाए, वहीं कप्तान अनिकेत प्रकाश ने 43 रनों की सधी हुई पारी खेली। अंत के ओवरों में विपुल ने नाबाद 35 रन बनाकर मैच को आखिरी क्षणों तक पहुंचा दिया। सुपरकिंग्स को एक्स्ट्रा के रूप में 32 रन मिले, लेकिन टीम निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 178 रन ही बना सकी। इस तरह वारियर्स ने बेहद रोमांचक मुकाबले में सुपरकिंग्स को एक रन से शिकस्त दी। शानदार कप्तानी पारी के लिए वारियर्स के आयुष यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

संक्षिप्त स्कोर
वारियर्स 179/10 (19.5 ओवर), आयुष यादव 39, अमन कुमार 21, प्रत्युष सुंदरम 24, रोहन सिंह 21, शुभमम घोष 15, अतिरिक्त 45, पियूष रंजन 4/47.
सुपर किंग्स 178/6 (20 ओवर), हर्ष राज 57, अनिकेत प्रकाश 43, विपुल कुमार 35, अतिरिक्त 32, यशस्वी 2/26, आयुष यादव 2/32.

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.