RCB vs PBKS, IPL 2025 Final: 3 जून (मंगलवार) को रजत पाटीदार ने इतिहास रचते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पहले कप्तान के रूप में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) खिताब जीतने का गौरव हासिल किया। उनके नेतृत्व में RCB ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेले गए IPL 2025 फाइनल में पंजाब किंग्स को 6 रनों से हराकर पहली बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 190 रन बनाए। टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने 35 गेंदों पर महत्वपूर्ण 43 रन बनाए और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। जवाब में श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली पंजाब किंग्स की टीम 184/7 रन ही बना सकी। RCB की ओर से भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पंड्या ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए दो-दो विकेट झटके। इस जीत के साथ RCB ने 18 साल के लंबे इंतज़ार को खत्म किया और पहली बार IPL ट्रॉफी अपने नाम की।
आईपीएल जीतने वाले कप्तानों की सूची
- शेन वॉर्न (राजस्थान रॉयल्स) – 2008
- एडम गिलक्रिस्ट (डेक्कन चार्जर्स) – 2009
- एमएस धोनी (चेन्नई सुपर किंग्स) – 2010, 2011, 2018, 2021, 2023
- गौतम गंभीर (कोलकाता नाइट राइडर्स) – 2012, 2014
- रोहित शर्मा (मुंबई इंडियंस) – 2013, 2015, 2017, 2019, 2020
- डेविड वार्नर (सनराइजर्स हैदराबाद) – 2016
- हार्दिक पांड्या (गुजरात टाइटन्स) – 2022
- श्रेयस अय्यर (कोलकाता नाइट राइडर्स) – 2024
- रजत पाटीदार (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) – 2025
आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने शानदार प्रदर्शन से इतिहास रच दिया। राजत पाटीदार की कप्तानी में टीम ने न केवल पहली बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की, बल्कि पूरे टूर्नामेंट में कई कीर्तिमान भी स्थापित किए।
RCB ने 2025 सीज़न में घर से बाहर खेले सातों लीग मुकाबले जीते, जो किसी भी टीम के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इसके अलावा, उन्होंने प्लेऑफ़ के दोनों मैचों में पंजाब किंग्स (PBKS) को हराकर खिताब तक का रास्ता तय किया।
RCB ने मेगा ऑक्शन से पहले पाटीदार को ₹11 करोड़ में रिटेन किया था और उन्हें 13 फरवरी को कप्तान नियुक्त किया गया। उन्होंने 22 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ईडन गार्डन्स, कोलकाता में कप्तानी की शुरुआत की और एक प्रभावशाली पारी खेलते हुए 7 विकेट से जीत दिलाई। पूरे टूर्नामेंट में पाटीदार ने 15 मैचों में 312 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं।