पटना: अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित बिहार राज्य महिला फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का खिताब मुजफ्फरपुर की मरियम फातिमा ने अपने नाम कर लिया। आठवें चक्र तक शीर्ष पर चल रहीं मरियम ने अंतिम चक्र में पटना की अंकिता राज के खिलाफ फ्रेंच ओपनिंग में खेलते हुए 33 चालों के बाद ड्रा स्वीकार कर खिताब पक्का किया।
इस ड्रा के साथ मरियम ने कुल 8 अंक अर्जित किए और दूसरी बार यह प्रतिष्ठित खिताब जीतने में सफल रहीं। प्रतियोगिता की उपविजेता बनीं पटना की नेहा सिंह, जिन्होंने अंतिम दौर में सहरसा की अनिका यादव को 32 चालों में हराकर कुल 7.5 अंक जुटाए।
वहीं तीसरे और चौथे बोर्ड पर रोमांचक मुकाबलों में पटना की अदीबा उल्लाह ने शालिनी श्रीवास्तव को और गया की कोमल सिंह मुस्कान ने सहरसा की कुमारी प्रेरणा को पराजित किया। दोनों ने 7-7 अंक प्राप्त किए, लेकिन टाई-ब्रेक अंकों के आधार पर कोमल को तीसरा तथा अदीबा को चौथा स्थान मिला।
सम्मान समारोह में विजेताओं को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण सह सम्मान समारोह में इम्बाडा की सचिव डॉ. पूनम चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। विशिष्ट अतिथियों में पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. चंद्रशेखर सिंह, संघ के अध्यक्ष दिलजीत खन्ना और पूर्व सचिव अजित कुमार सिंह शामिल रहे।
मरियम फातिमा को ‘पी.एन. शर्मा स्मृति ट्रॉफी’, ₹7,500 की नगद राशि, विजेता की ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अन्य विजेताओं को भी ट्रॉफी, नगद राशि और प्रमाणपत्र दिए गए।
प्रतियोगिता की मुख्य निर्णायक पिंकी बनर्जी ने आधिकारिक रूप से परिणामों की घोषणा की, जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रतियोगिता निदेशक नंदकिशोर ने किया। इस अवसर पर संघ के सचिव शाशिनंद कुमार, उप मुख्य निर्णायक प्रियंका कुमारी, कॉलेज स्टाफ, खिलाड़ी और अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
प्रथम दस स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी:
-
मरियम फातिमा, मुजफ्फरपुर – 8 अंक
-
नेहा सिंह, पटना – 7.5 अंक
-
कोमल सिंह मुस्कान, गया – 7 अंक
-
अदीबा उल्लाह, पटना – 7 अंक
-
अर्पिता सिंह, भोजपुर – 6 अंक
-
मनीषा यादव, दरभंगा – 6 अंक
-
अंकिता राज, पटना – 6 अंक
-
शालिनी श्रीवास्तव, पटना – 5.5 अंक
-
प्रशंसा कुमारी, पटना – 5.5 अंक
-
रश्मी प्रिया, वैशाली – 5.5 अंक