पटना: खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 (Khelo India Youth Games 2025) के अंतर्गत बिहार में आयोजित साइक्लिंग स्पर्धाओं के पहले दिन राजस्थान की 18 वर्षीय हर्षिता जाखड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर सबका ध्यान खींचा। हर्षिता ने 500 मीटर टाइम ट्रायल और 7.5 किमी स्क्रैच रेस में शानदार जीत दर्ज की।
टाइम ट्रायल में हर्षिता ने 38.631 सेकंड का समय निकालते हुए महाराष्ट्र की आकांक्षा म्हात्रे (38.742 सेकंड) और तमिलनाडु की एस थबीथा (39.454 सेकंड) को पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। इससे पहले दिन की शुरुआत में ही उन्होंने 7.5 किमी स्क्रैच रेस में 11:50.973 के समय के साथ बिहार की सुहानी कुमारी और महाराष्ट्र की म्हात्रे को पीछे छोड़कर पहला स्वर्ण पदक जीता। इस रेस में सुहानी ने 11:51.558 और म्हात्रे ने 11:51.649 का समय लिया।
हर्षिता इससे पहले 2025 जूनियर ट्रैक एशियन साइक्लिंग चैंपियनशिप में चार पदक जीत चुकी हैं और उन्होंने टारगेट एशियन गेम्स ग्रुप में भी अपनी जगह पक्की की है। पदक जीतने के बाद उन्होंने कहा कि मैं अपने चचेरे भाई आदित्य जाखड़ के साथ स्वर्ण पदक जीतकर बहुत खुश हूं।
बिहार की सुहानी कुमारी ने खोला मेजबान राज्य का पदक खाता
मेजबान बिहार के लिए पहले दिन की स्टार रहीं 17 वर्षीय सुहानी कुमारी, जिन्होंने 7.5 किमी स्क्रैच रेस में रजत और टीम स्प्रिंट में दूसरा रजत पदक जीतकर बिहार का खाता खोला। टीम स्प्रिंट में उनके साथ अमृता कुमारी और शालिनी कुमारी भी शामिल थीं। सुहानी ने कहा कि बिहार के लिए पहले दिन दो पदक जीतना गर्व की बात है। हमारी मेहनत रंग लाई और उम्मीद है कि इससे दूसरे खिलाड़ी भी प्रेरित होंगे।
प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम
लड़कियां
-
500 मीटर टाइम ट्रायल:
🥇 हर्षिता जाखड़ (राजस्थान) – 38.631 सेकंड
🥈 आकांक्षा म्हात्रे (महाराष्ट्र) – 38.742 सेकंड
🥉 एस थबीथा (तमिलनाडु) – 39.454 सेकंड -
7.5 किमी स्क्रैच रेस:
🥇 हर्षिता जाखड़ (राजस्थान) – 11:50.973
🥈 सुहानी कुमारी (बिहार) – 11:51.558
🥉 आकांक्षा म्हात्रे (महाराष्ट्र) – 11:51.649 -
टीम स्प्रिंट (3 लैप):
🥇 झारखंड (सबिना कुमारी, संजू कुमारी, सिंधु लता हेम्ब्रम) – 56.283 सेकंड
🥈 बिहार (अमृता कुमारी, शालिनी कुमारी, सुहानी कुमारी) – 57.606 सेकंड
🥉 तमिलनाडु (जयज्योत्सना, जे निरलमाथी, एस थबीथा) – 57.614 सेकंड
लड़के
-
1000 मीटर टाइम ट्रायल:
🥇 आदित्य जाखड़ (राजस्थान) – 1:06.675
🥈 साहिब प्रताप सिंह सरकारिया (राजस्थान) – 1:08.644
🥉 जी साई चरण यादव (तेलंगाना) – 1:09.056 -
10 किमी स्क्रैच रेस:
🥇 सिद्धेश सरजेराव घोरफड़े (महाराष्ट्र) – 13:26.584
🥈 महावीर सारण (राजस्थान) – 13:26.601
🥉 थौनाओजम ज्ञानंता सिंह (मणिपुर) – 13:27.933 -
टीम स्प्रिंट (3 लैप):
🥇 झारखंड (अर्जुन कुमार, निखिल लोहरा, बिकाश उरांव) – 48.868
🥈 मणिपुर – 50.156
🥉 अंडमान-निकोबार – 50.471