KRIDA NEWS

KridaNews - Header
Breaking
🏏IPL 2026: MI vs CSK — बड़ा मुकाबला आज रात 7:30 बजे 🏆Neeraj Chopra ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया 🏏Pro Kabaddi: Patna Pirates ने Bengaluru Bulls को हराया
KridaNews
India's Sports Voice
खेल की दुनिया से सीधा आपके पास
SCORE
IND vs AUS 245/6 (45.3 ov) Live
|
MI vs CSK आज 7:30 PM Upcoming
|
LSG 172/4 (20.0) 1st Inn
|
RCB vs KKR कल 3:30 PM Tomorrow
|
Patna FC vs Sikkim XI 3 - 1 FT

रंजीत के ऑलराउंड प्रदर्शन से इंजीनियरिंग विभाग की रोमांचक जीत, सुरक्षा विभाग की मिली हार

सोनपुर: रेलवे मैदान में जारी अंतर-विभागीय टी20 टूर्नामेंट 2024-25 के तहत बुधवार को खेले गए मुकाबले में इंजीनियरिंग विभाग ने सुरक्षा विभाग को रोमांचक अंदाज में 3 विकेट से हराकर अपनी जीत का खाता खोला। इस मैच के हीरो रहे रंजीत, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके हरफनमौला खेल के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

सुरक्षा विभाग की सधी हुई शुरुआत, लेकिन बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सुरक्षा विभाग की टीम की शुरुआत अच्छी रही। सलामी बल्लेबाज ने 31 रनों की पारी खेली, जबकि अरविंद (25 रन) और अमन (15 रन) ने भी उपयोगी योगदान दिया। अंतिम ओवरों में प्रकाश ने ताबड़तोड़ 13 रन जोड़े, जिससे टीम निर्धारित 20 ओवर पूरे किए बिना ही 129 रन पर सिमट गई।

इंजीनियरिंग विभाग के गेंदबाजों ने किफायती और प्रभावी गेंदबाजी की। जावेद ने 3 विकेट चटकाए, जबकि रंजीत और कुंदन ने 2-2 विकेट लिए। वहीं, राजीव और अमित ने भी 1-1 विकेट लेकर सुरक्षा विभाग को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोक दिया।

रंजीत की दमदार पारी ने दिलाई जीत

130 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंजीनियरिंग विभाग की टीम की शुरुआत अच्छी रही। ओपनर बल्लेबाज रंजीत ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाते हुए 42 गेंदों पर 50 रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि, नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से मैच रोमांचक मोड़ पर आ गया।

मिथिलेश (17 रन) और जावेद (14 रन) ने दबाव भरे क्षणों में उपयोगी पारियां खेलीं। वहीं, राजीव (13 रन) और समीर (9 रन) के छोटे लेकिन अहम योगदान से टीम ने 4 गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली।

सुरक्षा विभाग के गेंदबाजों ने पूरी कोशिश की। अमरजीत ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि रवि प्रकाश ने 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। लेकिन रंजीत की जबरदस्त पारी और अंतिम ओवरों में मिथिलेश व जावेद की सूझबूझ से इंजीनियरिंग विभाग ने 3 विकेट से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।

रंजीत बने हीरो

रंजीत ने इस मैच में हरफनमौला खेल दिखाया। पहले गेंदबाजी में 2 विकेट लेकर सुरक्षा विभाग को बड़ा स्कोर बनाने से रोका और फिर बल्लेबाजी में शानदार अर्धशतक जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

Read More

बिहार राज्य अंडर-17 शतरंज चैंपियनशिप शुरू, राष्ट्रीय टीम में चयन के लिए खिलाड़ियों के बीच होगा कड़ा मुकाबला

सीतामढ़ी। अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में सीतामढ़ी जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित बिहार राज्य अंडर-17 ओपन एवं बालिका फिडे रेटिंग शतरंज चैंपियनशिप-2026 का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। पांच दिनों तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों के रेटेड एवं उभरते खिलाड़ी खिताब के साथ-साथ राष्ट्रीय अंडर-17 शतरंज चैंपियनशिप के लिए बिहार टीम में स्थान बनाने के उद्देश्य से अपनी चुनौती पेश कर रहे हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेविका राखी सिंह एवं सीतामढ़ी जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष अनिकेत सुमन ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त सचिव नंदकिशोर एवं शशिनंद कुमार, मुख्य निर्णायक मनीष कुमार, अंतरराष्ट्रीय आर्बिटर आलोक प्रियदर्शी तथा आयोजन सचिव विजय कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस प्रतियोगिता के ओपन वर्ग में 35 और बालिका वर्ग में 14 फिडे रेटेड खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पहले ही दिन मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और कई बोर्डों पर कड़ी टक्कर देखने को मिली। जयेश, प्रेम, प्रणीत, अर्पिता, नव्या और शालिनी सहित कई वरीय खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर विजयी शुरुआत की।

पहले दिन का सबसे बड़ा उलटफेर
बालिका वर्ग के शीर्ष बोर्ड पर देखने को मिला। किशनगंज की शीर्ष वरीयता प्राप्त धान्वी कर्मकार को मुजफ्फरपुर की दिशा कुमारी ने काले मोहरों से शानदार खेल दिखाते हुए पराजित कर दिया। सौ से अधिक रेटिंग अंकों के अंतर के बावजूद दिशा की इस जीत ने प्रतियोगिता को और अधिक रोमांचक बना दिया तथा खिताबी दौड़ को खुला बना दिया।

राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में पटना, दरभंगा, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, खगड़िया, भागलपुर, छपरा, कटिहार, सीतामढ़ी, मधुबनी, सहरसा, गया, जमुई, सुपौल, बेगूसराय, गोपालगंज और पश्चिम चंपारण सहित बिहार के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

अखिल बिहार शतरंज संघ के अधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी राष्ट्रीय अंडर-17 शतरंज चैंपियनशिप के लिए बिहार की टीम का चयन किया जाएगा। इसी कारण प्रतियोगिता का प्रत्येक मुकाबला खिलाड़ियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Read More

बारिश के कारण रणधीर वर्मा इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट अब 1 अगस्त से

पटना। लगातार हो रही बारिश और मैदान के गीला होने के कारण 18वें रणधीर वर्मा इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट की नई तिथि घोषित कर दी गई है। अब यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 1 अगस्त से श्रीकृष्णा क्रिकेट मैदान, खेमनीचक में आयोजित होगी। पहले टूर्नामेंट का आयोजन 25 जुलाई से प्रस्तावित था।

पूर्व आईपीएस रणधीर वर्मा फाउंडेशन के संस्थापक-सह-सचिव एवं भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश राजू ने बताया कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए आयोजन समिति ने सर्वसम्मति से टूर्नामेंट की तिथि में बदलाव का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और उच्चस्तरीय प्रतियोगिता उपलब्ध कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन को सौंपी गई है।

टूर्नामेंट के सभी मुकाबले 21-21 ओवर के नॉकआउट प्रारूप में खेले जाएंगे। नॉकआउट फॉर्मेट होने के कारण प्रत्येक मैच निर्णायक होगा, जिससे टीमों को शुरुआत से ही अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। आयोजकों का मानना है कि इससे दर्शकों को रोमांचक और कांटे की टक्कर वाले मुकाबले देखने को मिलेंगे।

प्रतिभागी खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए आकर्षक व्यक्तिगत और टीम पुरस्कारों की भी व्यवस्था की गई है। प्रत्येक मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

टूर्नामेंट में भाग लेने की इच्छुक टीमों और प्रतिभागियों से अधिक जानकारी के लिए सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संतोष तिवारी से मोबाइल नंबर 9386962380 पर संपर्क करने की अपील की गई है।

Read More

18वीं रणधीर वर्मा इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट की ट्रॉफी का अनावरण, 25 जुलाई से होगा आगाज

पटना। पूर्व आईपीएस रणधीर वर्मा की स्मृति में आयोजित होने वाले 18वें रणधीर वर्मा इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता एवं उपविजेता ट्रॉफी सहित अन्य पुरस्कारों का अनावरण सोमवार को एक समारोह में किया गया। टूर्नामेंट का आयोजन 25 जुलाई से श्रीकृष्णा क्रिकेट मैदान, खेमनीचक में किया जाएगा।

ट्रॉफी का अनावरण बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव एवं रणधीर वर्मा फाउंडेशन के संस्थापक-सचिव सतीश राजू ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजन बच्चों में खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि रणधीर वर्मा जैसे साहसी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के नाम पर आयोजित प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ देशसेवा और नैतिक मूल्यों की भी प्रेरणा देती है। उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को समान अवसर देने के लिए फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की।

रणधीर वर्मा फाउंडेशन के संस्थापक-सचिव एवं भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश राजू ने बताया कि इस वर्ष भी टूर्नामेंट को बेहतर सुविधाओं और उच्च स्तर पर आयोजित करने की पूरी तैयारी की गई है। प्रतियोगिता के सफल संचालन की जिम्मेदारी सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन को सौंपी गई है।

उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के सभी मुकाबले 21-21 ओवर के नॉकआउट प्रारूप में खेले जाएंगे। नॉकआउट फॉर्मेट होने के कारण प्रत्येक मैच काफी महत्वपूर्ण होगा, जहां टीमों को शुरुआत से ही अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। इससे दर्शकों को भी रोमांचक और कांटे की टक्कर वाले मुकाबले देखने को मिलेंगे।

आयोजकों के अनुसार खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए विभिन्न व्यक्तिगत एवं टीम पुरस्कारों की भी व्यवस्था की गई है। प्रत्येक मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और प्रतिष्ठित मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

समारोह में पटना ग्रामीण भाजपा जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार, विक्रम के पूर्व भाजपा प्रत्याशी अतुल कुमार, भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के सह संयोजक विकास कुमार गोल्डी, कंचन कुमारी, आईटी सेल प्रमुख मोहित श्रीवास्तव, क्षेत्रीय प्रभारी अभीराम शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

टूर्नामेंट से संबंधित अधिक जानकारी के लिए सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संतोष तिवारी से मोबाइल नंबर 9386962380 पर संपर्क किया जा सकता है।

Read More

सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार ने किया कमेटी का विस्तार, नितिन कुमार बने उपाध्यक्ष

पटना। सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार ने संगठन को मजबूत बनाने और राज्य में सॉफ्टबॉल क्रिकेट के विकास को गति देने के उद्देश्य से अपनी प्रदेश कमेटी का विस्तार किया है। इस क्रम में नितिन कुमार को एसोसिएशन का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि 30 जुलाई से हाजीपुर में आयोजित होने वाली द्वितीय यूथ नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रदेश कमेटी, जिला इकाइयों एवं आयोजन समिति के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर प्रतियोगिता की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है, ताकि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।

पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नितिन कुमार के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और बिहार में सॉफ्टबॉल क्रिकेट के विस्तार को नई गति प्राप्त होगी। साथ ही राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को इस खेल से जोड़ने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी।

नवनियुक्त उपाध्यक्ष नितिन कुमार ने नियुक्ति पर एसोसिएशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता राज्य के सभी जिलों में सॉफ्टबॉल क्रिकेट को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना होगी। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों और खिलाड़ियों के सहयोग से इस खेल को नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि हाजीपुर में आयोजित होने वाली द्वितीय यूथ नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग लेंगी। इस आयोजन को लेकर एसोसिएशन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

 

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.