KRIDA NEWS

विजय मर्चेंट U16 ट्रॉफी जीत कर बिहार पहुंची टीम का भव्य स्वागत

विजय मर्चेंट ट्रॉफी अंडर-16 पुरुष प्लेट ग्रुप फाइनल में त्रिपुरा को 133 रनों से हराकर ऐतिहासिक जीत हासिल करने वाली बिहार की टीम आज पटना पहुंची। पटना हवाई अड्डे पर टीम का जोरदार स्वागत किया गया। CISF कमांडेंट ललित परमार ने टीम के कोच राजू जी और मैनेजर प्रभाकर जी को फूलों का गुलदस्ता देकर अभिनंदन किया। इसके बाद, BCA के कर्मचारियों ने खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर उन्हें इस ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी।  

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के अध्यक्ष *श्री राकेश तिवारी* ने इस शानदार प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत न केवल हमारे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगी, बल्कि युवा पीढ़ी को प्रेरित भी करेगी। यह राज्य के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है। हम अपने खिलाड़ियों को इस तरह से तैयार कर रहे हैं कि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं और बिहार क्रिकेट का नाम रौशन करें।

उन्होंने आगे कहा कि यह विजय बिहार क्रिकेट के लिए एक मील का पत्थर है। हमारे खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ ने पूरे राज्य को गर्व महसूस कराया है। ये युवा खिलाड़ी बिहार क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य की नींव रख रहे हैं।” 

ऐतिहासिक जीत की कहानी

भुवनेश्वर में खेले गए फाइनल में बिहार ने पहली पारी में 97.2 ओवरों में 279 रन बनाए। सार्थक झा ने 90 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि मोहित कुमार ने नाबाद 63 रन बनाकर महत्वपूर्ण योगदान दिया। दूसरी पारी में टीम ने संयम दिखाते हुए 92 ओवरों में 208 रन जोड़े। अनिमेष राज (44 रन), प्रीतम राज (41 रन), विवेक आनंद (25 रन), और मोहित कुमार (22 रन) ने उपयोगी पारियां खेलीं, जिससे बिहार ने कुल 330 रनों की बढ़त बनाई।

त्रिपुरा के सामने 331 रनों का लक्ष्य रखा गया, लेकिन बिहार के गेंदबाजों ने त्रिपुरा को 133 रनों से हरा दिया।

– पहली पारी में आर्यन पटेल ने 5 विकेट लिए, जबकि मोहित कुमार ने 4 विकेट और भास्कर ने 1 विकेट लिया।

– दूसरी पारी में मोहित कुमार ने 4 विकेट झटके। प्रीतम राज और सत्यम ने 2-2 विकेट लिए, जबकि आर्यन पटेल और अनिमेष राज ने 1-1 विकेट लेकर त्रिपुरा की पारी को समेट दिया।

रिकॉर्ड प्रदर्शन

– मोहित कुमार ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 30 विकेट लिए और रिकॉर्ड बनाया।

– टीम के कप्तान प्रीतम राज ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और एक पारी में व्यक्तिगत रन बनाने के मामले में टॉप-10 में दूसरा स्थान हासिल किया।

BCA अध्यक्ष श्री राकेश तिवारी ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जीत बिहार क्रिकेट के लिए नए अवसरों और उपलब्धियों का मार्ग प्रशस्त करेगी।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग: पेसू, अधिकारी इलेवन और वाईएमसीसी की टीम जीती

पटना, 19 फरवरी। पटना जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में गुरुवार को खेले गए मुकाबलों में पेसू, अधिकारी इलेवन और वाईएमसीसी ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। पेसू के पंकज कुमार, अधिकारी इलेवन के आकाश राज, वाईएमसीसी के विराट पांडेय को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

उर्जा स्टेडियम में पेसू ने वाईएसी राजेंद्र नगर को 2 विकेट से हराया, जबकि यशावन स्पोर्ट्स ग्राउंड पर अधिकारी इलेवन ने राइजिंग स्टार को 5 विकेट से पराजित किया। वहीं दिन के सबसे बड़े मुकाबले में वाईएमसीसी ने विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर विद्यार्थी सीसी को 177 रनों के विशाल अंतर से हराकर लीग में अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया।

पहला मैच
उर्जा स्टेडियम, पटना में खेले गए मुकाबले में पेसू ने वाईएसजी राजेंद्र नगर को 2 विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला करने वाली पेसू की टीम ने वाईएसजी राजेंद्र नगर को 33.3 ओवर में 119 रनों पर समेट दिया। जवाब में पेसू ने 27.1 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

वाईएसी राजेंद्र नगर की ओर से आदित्य राज ने सर्वाधिक 41 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान रवि राज ने 13 और हरिओम कृष्ण शर्मा ने 13 रन बनाए। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। शशीम राठौर ने 8 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि राहुल राठौर ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में मात्र 9 रन देकर 2 विकेट झटके।

120 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पेसू की शुरुआत खराब रही, लेकिन शशीम राठौर (27 रन, 12 गेंद) की तूफानी पारी और पंकज कुमार की नाबाद 41 रनों की जिम्मेदार बल्लेबाजी ने टीम को जीत दिलाई। वाईएसी राजेंद्र नगर की ओर से हिमांशु ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि हिमांशु राज और ओम प्रकाश ने 2-2 विकेट झटके, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

दूसरा मैच
याशवन स्पोर्ट्स ग्राउंड, पटना में खेले गए मुकाबले में अधिकारी इलेवन ने राइजिंग स्टार को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी अधिकारी इलेवन ने राइजिंग स्टार को 33.5 ओवर में 157 रन पर समेट दिया। जवाब में अधिकारी इलेवन ने 26.1 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

राइजिंग स्टार की ओर से कप्तान गुलशन कुमार ने 50 रन, अमन चंदू राज ने शानदार 60 रन और अमन अर्जुन अविनाश ने 46 रनों का योगदान दिया। टीम ने मध्यक्रम में विकेट गंवाने के कारण बड़ा स्कोर खड़ा करने का मौका गंवा दिया। अधिकारी इलेवन की ओर से प्रभाकर कुमार ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 7 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि आकाश राज और गोविंद राजेश कुमार ने 2-2 विकेट हासिल किए।

158 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अधिकारी इलेवन की शुरुआत धीमी रही, लेकिन कुमार रजनीश कुमार (40 रन), अमन अर्जुन अविनाश (46 रन) और संतोष केशरी (29 रन) की उपयोगी पारियों ने टीम को जीत की राह पर बनाए रखा। अंत में कुमार अजीत (नाबाद 16) और रोहित कुमार पांडे (नाबाद 6) ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। राइजिंग स्टार की ओर से गोविंद राजेश कुमार ने 2 विकेट और हर्षवर्धन ने 2 विकेट लेकर संघर्ष किया, लेकिन टीम जीत से दूर रह गई।

तीसरा मैच
अल्फा ग्राउंड पर खेले गए वाईएमसीसी ने विद्यार्थी क्रिकेट क्लब को 177 रनों के विशाल अंतर से हराकर टूर्नामेंट की सबसे बड़ी जीतों में से एक दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वाईएमसीसी ने निर्धारित 35 ओवर में 6 विकेट पर 366 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। जवाब में विद्यार्थी सीसी की टीम 35 ओवर में 189 रनों पर सिमट गई।

वाईएमसीसी की पारी कप्तान विराट अरुण पांडे की तूफानी नाबाद 128 रनों की पारी पर टिकी रही, जिसमें 14 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा ऋषव राकेश ने 72 रन और सूरज कुमार कश्यप ने मात्र 27 गेंदों पर 71 रन बनाकर मैच को एकतरफा बना दिया।

विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए विद्यार्थी सीसी की शुरुआत लड़खड़ाती रही। केआर रोहित45 (46 रन) और अक्षीत सिंह तोमर (39 रन) ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम नियमित अंतराल पर विकेट खोती रही और लक्ष्य से काफी दूर रह गई। वाईएमसीसी की ओर से कार्तिक गुड्डू पांडे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में 23 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि अमित अनिल कुमार ने 6 ओवर में मात्र 18 रन देकर 3 विकेट झटके।

Read More

30वीं शहीद स्मृति इनामी क्रिकेट प्रतियोगिता: नालंदा ने भोजपुर को 4 विकेट से हराकर जीता खिताब

बिहटा: 30वीं शहीद स्मृति इनामी क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जी.जे. कॉलेज मैदान में खचाखच भरे दर्शकों के बीच खेला गया। फाइनल में भोजपुर और नालंदा की टीम आमने-सामने थीं, जहां नालंदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भोजपुर को 4 विकेट से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

टॉस भोजपुर के कप्तान पवन ने जीता और पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 25 ओवर के इस मुकाबले में भोजपुर की टीम 176 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। भोजपुर की ओर से सागर तिवारी ने 20 गेंदों में 45 रनों की तेज पारी खेली, जबकि अंकित ने 43 गेंदों में 44 रन बनाए। नालंदा की ओर से शशि यादव और आदित्य ने तीन-तीन विकेट झटके। शशि यादव ने 22 रन देकर 3 विकेट और आदित्य ने 23 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।

177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नालंदा की टीम को सलामी बल्लेबाज लव और नमन ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हुई। लव ने शानदार 80 रन बनाए, जबकि नमन ने 46 रनों का योगदान दिया। एक समय मैच नालंदा के पक्ष में एकतरफा दिख रहा था, लेकिन भोजपुर के सागर तिवारी ने लगातार प्रभावी गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके और मुकाबले में रोमांच ला दिया।

मुकाबला आखिरी तीन ओवर तक खिंच गया, जहां नालंदा के बल्लेबाजों ने सूझबूझ भरी पारी खेलते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। नालंदा ने 4 विकेट शेष रहते जीत दर्ज की। लव (नालंदा) को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। भोजपुर के अंकित राज को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सागर तिवारी को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार मिला।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर बिहार के कृषि मंत्री माननीय श्री रामकृपाल यादव ने विजेता और उपविजेता टीम सहित खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर जी.जे. कॉलेज रामबाग के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार सिन्हा, हीरो साइकिल्स के प्लांट हेड सुधीर झा, अजीत सिंह, रिंकू सिंह, नीतीश सिंह, संजय कुमार, नीरज कुमार झुन्ना, राज कुमार राजू, श्रीराम, पवन तिवारी, पवन भान, जितेंद्र यादव, मंटू पांडेय, मनोज सिंह, राजेश कुमार, कौशल जी, लब, कुश, करण, मिक्की जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन माधव ब्रह्मर्षि ने किया।

Read More

BCA सीनियर मेंस वनडे ट्रॉफी के लिए जहानाबाद की टीम घोषित, संतोष कुमार को सौंपी गई कमान

जहानाबाद: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन सीनियर मेंस वनडे ट्रॉफी के लिए जहानाबाद की टीम घोषित कर दी है। संतोष कुमार की कप्तानी में टीम का ऐलान किया गया है। जहानाबाद का पहला मुकाबला 20 फरवरी 2026 को पटना के खिलाफ खेला जाएगा। यह मुकाबला ऐतिहासिक मोईन-उल हक स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। खिलाड़ियों को सुबह 6:00 बजे रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।

टीम प्रबंधन ने आधिकारिक रूप से खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। घोषित टीम में संतोष कुमार, सूरज राठौर, विनीत रावत, जितिन यादव, राजू यादव, गौतम भागवत, ऋषभ रंजन (विकेटकीपर), कुश प्रताप, सौरव कुमार, शशि शेखर, विश्वास, संजीव कुमार, रजनीश कुमार, हिमांशु वर्मा, दीपू शर्मा, सचिन, विशु चौधरी, प्रवीण कुमार, विशाल, कुमार श्रेय, संयम प्रकाश, कुमार शुभम और अमित कुमार शामिल हैं।

टीम के कोच की जिम्मेदारी मनोज खाटेकर को सौंपी गई है, जबकि टीम मैनेजर की भूमिका वरुण सिंह निभाएंगे। टीम प्रबंधन ने बताया कि शेष सीनियर कैंप के खिलाड़ी आगामी सूचना तक स्टैंड-बाय पर रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत टीम से जुड़ने के  लिए तैयार रहेंगे।

Read More

दयानंद सिंह स्मृति राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का ट्रायल 25 फरवरी को शाखा मैदान में

पटना: मीठापुर क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में दयानंद सिंह स्मृति राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर मीठापुर एवं पटना के गणमान्य बुद्धिजीवी, समाजसेवी, व्यवसायी, खिलाड़ी तथा विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने कहा कि स्व. बाबू दयानंद सिंह एक कुशल, कर्मठ और समर्पित समाजसेवी थे। उनके नाम पर महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन करना न केवल सराहनीय पहल है, बल्कि खेल के माध्यम से समाज को जोड़ने का सकारात्मक प्रयास भी है।

आयोजन समिति के सदस्य सुनील दत्त ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित टूर्नामेंट की कमियों को दूर करते हुए इस बार प्रतियोगिता को और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित रूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि खिलाड़ियों का ट्रायल व्हाइट बॉल से कराया जाएगा। ट्रायल के दौरान खिलाड़ी रंगीन पोशाक में उपस्थित होंगे तथा चयनित खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के लिए ड्रेस आयोजन समिति की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।

टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए पीडीसीए (PDCA) और बीसीए (BCA) से अनुमति लेने की प्रक्रिया जारी है। ट्रायल के बाद चयनित खिलाड़ियों के नामों की घोषणा की जाएगी। चयनित खिलाड़ियों को लेकर मार्च माह में जगजीवन स्टेडियम, ऊर्जा स्टेडियम अथवा किसी अन्य उपयुक्त मैदान पर टूर्नामेंट आयोजित करने की योजना है।

ट्रायल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी:

  • रिपोर्टिंग टाइम: सुबह 9:00 बजे

  • स्थान: शाखा मैदान, राजेंद्र नगर

  • आवश्यक दस्तावेज:

    1. पासपोर्ट साइज फोटो

    2. आधार कार्ड की फोटोकॉपी

संपर्क व्यक्ति: सुनील दत्त
मोबाइल नंबर: 7903935805

आयोजन समिति ने अधिक से अधिक महिला खिलाड़ियों से ट्रायल में भाग लेने की अपील की है, ताकि राज्य स्तर पर प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा सके।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.