KRIDA NEWS

KridaNews - Header
Breaking
🏏IPL 2026: MI vs CSK — बड़ा मुकाबला आज रात 7:30 बजे ◆ 🏆Neeraj Chopra ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया ◆ 🏏Pro Kabaddi: Patna Pirates ने Bengaluru Bulls को हराया
KridaNews
India's Sports Voice
◆
खेल की दुनिया से सीधा आपके पास
SCORE
IND vs AUS 245/6 (45.3 ov) Live
|
MI vs CSK आज 7:30 PM Upcoming
|
LSG 172/4 (20.0) 1st Inn
|
RCB vs KKR कल 3:30 PM Tomorrow
|
Patna FC vs Sikkim XI 3 - 1 FT

IPL 2025 का ऑक्शन दुबई में, रिटेंशन पॉलिसी में भी हो सकती है बड़ी बदलाव

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2025) की नीलामी नवंबर 2024 में विदेश में होने जा रही है। बीसीसीआई की ओर से संभावित स्थानों में दुबई, दोहा और अबू धाबी का नाम सामने आया है, जबकि सऊदी अरब भी इसे होस्ट करने के लिए दिलचस्पी दिखा रहा है। यह निर्णय पिछले साल की सफल दुबई नीलामी के बाद लिया गया, जो भारत के बाहर आयोजित पहली नीलामी थी।

हालांकि, बीसीसीआई ने अभी तक खिलाड़ियों की रिटेंशन पॉलिसी पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, जिससे टीम मालिकों के बीच चिंता बढ़ रही है। उम्मीद थी कि सितंबर के अंत तक ये नियम जारी हो जाएंगे, क्योंकि 15 नवंबर तक खिलाड़ियों को रिटेन करने की समयसीमा है। नियमों में देरी से फ्रेंचाइजियों की तैयारी पर असर पड़ सकता है।

इसके अलावा, इस नीलामी में कई बड़े बदलाव होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, बिना कैप वाले खिलाड़ियों (अनकैप्ड प्लेयर्स) के वापसी का एक नया नियम लागू किया जा सकता है, जो युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा अवसर साबित हो सकता है।

कोचिंग बदलावों की बात करें तो, 2011 विश्व कप विजेता और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल के एक आईपीएल टीम के कोच के रूप में जुड़ने की खबरें हैं, हालांकि किस टीम के साथ वे जुड़ेंगे, इसका खुलासा अभी तक नहीं हुआ है। वहीं, राहुल द्रविड़ की राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच के रूप में वापसी और रिकी पोंटिंग का पंजाब किंग्स के मुख्य कोच के रूप में नियुक्त होना भी चर्चा का विषय बना हुआ है। पोंटिंग इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के साथ सात वर्षों तक जुड़े रहे हैं। आईपीएल की यह नीलामी कई मायनों में खास हो सकती है, और क्रिकेट प्रेमी इस रोमांचक घटनाक्रम पर नजरें गड़ाए हुए हैं।

Read More

मयंक और राहुल का कहर, ट्रैम्फैंट-सीएबी में खिताबी जंग गुरुवार को

पटना। सीएबी ग्राउंड पर सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन की देखरेख में आयोजित द्वितीय विमला देवी मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। बुधवार को खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में ट्रैम्फैंट सीसी और क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार (सीएबी) ने शानदार जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली।

पहले सेमीफाइनल में ट्रैम्फैंट ने करुणा किंग्स को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में सीएबी ने फिनिक्स टीम बी को सात विकेट से हराया। अब गुरुवार को दोनों टीमों के बीच खिताब के लिए भिड़ंत होगी।

15 रन पर सिमटी करुणा किंग्स

पहले सेमीफाइनल में टॉस जीतकर ट्रैम्फैंट सीसी ने करुणा किंग्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। ट्रैम्फैंट के गेंदबाजों के सामने करुणा के बल्लेबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। 21 ओवर के मुकाबले में करुणा की पूरी टीम महज 11.4 ओवर में 15 रन पर सिमट गई। इसमें सात रन अतिरिक्त के रहे। ट्रैम्फैंट के कप्तान मयंक ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच ओवर में चार मेडन के साथ महज चार रन देकर पांच विकेट झटके। वहीं प्रियांशु यादव ने चार ओवर में नौ रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रैम्फैंट सीसी ने महज 1.4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 20 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए मयंक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

राहुल की गेंदबाजी से सीएबी की जीत

दूसरे सेमीफाइनल में फिनिक्स टीम बी और क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी फिनिक्स की टीम 17 ओवर में 74 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अतिरिक्त 21 रन बने, जबकि कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। सीएबी के राहुल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 12 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। जवाब में सीएबी ने 12.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 75 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

आर्यन ने नाबाद 17 और हर्षित राज ने नाबाद 33 रन की पारी खेली। अतिरिक्त के रूप में 17 रन भी टीम के खाते में जुड़े। फिनिक्स की ओर से श्रीमंतो ने तीन ओवर में सात रन देकर दो विकेट हासिल किए। शानदार गेंदबाजी के लिए राहुल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अब गुरुवार को ट्रैम्फैंट सीसी और क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

Read More

विपुल, विवेक और तफसीर की तिकड़ी शीर्ष पर, किशन की जीत का सिलसिला थमा

मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के चंद्रविला विवाह भवन में चल रही बिहार राज्य सीनियर फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में छह चक्रों के बाद पटना के खिलाड़ियों का दबदबा कायम है। छह चक्रों की समाप्ति के बाद विपुल सुभाषी, विवेक शर्मा और मोहम्मद तफसीर आलम 5.5-5.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर बने हुए हैं। प्रतियोगिता में नौ चक्र खेले जाने हैं और ऐसे में खिताब की दौड़ अब और रोमांचक हो गयी है।

मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ एवं अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के छठे चक्र में कई मुकाबलों के नतीजे चौंकाने वाले रहे। सबसे खास बात यह रही कि पांच चक्रों तक लगातार जीत दर्ज कर शीर्ष पर चल रहे बेगूसराय के किशन कुमार को विपुल सुभाषी ने रोक दिया।

80 चालों तक चला मुकाबला, विपुल ने किशन का विजय अभियान रोका

पहले बोर्ड पर पटना के विपुल सुभाषी ने सफेद मोहरों से सिसिलियन डिफेंस ओपनिंग खेलते हुए बेगूसराय के किशन कुमार को 80 चालों तक चले बेहद लंबे मुकाबले में शिकस्त दी। किशन ने प्रतियोगिता के शुरुआती पांचों चक्र में लगातार जीत दर्ज की थी और वह अकेले शीर्ष पर चल रहे थे। विपुल के खिलाफ मिली हार के बाद उनका विजय अभियान थम गया।

दूसरे बोर्ड पर पटना के विवेक शर्मा ने सफेद मोहरों से खेलते हुए दरभंगा के भूपनाथ को 44 चालों में पराजित किया। इस जीत के साथ विवेक ने भी अपने खाते में महत्वपूर्ण अंक जोड़ा और शीर्ष स्थान पर अपनी दावेदारी मजबूत की।

तीसरे बोर्ड पर सबसे अहम मुकाबलों में से एक देखने को मिला। पटना के मोहम्मद तफसीर आलम ने काले मोहरों से खेलते हुए अपने से करीब 100 रेटिंग अंक अधिक रखने वाले अनुभवी खिलाड़ी और पूर्व राज्य चैंपियन सुधीर कुमार सिन्हा को 45 चालों तक चले मुकाबले में हराकर बड़ा उलटफेर किया। इस जीत के बाद तफसीर 5.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गये।

प्रणीत ने ज्यादा रेटिंग वाले खिलाड़ी को ड्रॉ पर रोका

चौथे बोर्ड पर मुजफ्फरपुर के युवा खिलाड़ी प्रणीत सिन्हा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। काले मोहरों से खेलते हुए प्रणीत ने अपने से करीब 100 रेटिंग अंक अधिक रखने वाले पटना के रुपेश बी. रामचंद्रन को 51 चालों तक चले मुकाबले में ड्रॉ खेलने पर मजबूर कर दिया। प्रणीत के खाते में अब पांच अंक हैं और वह शीर्ष 10 में पांचवें स्थान पर हैं।

अनरेटेड उज्ज्वल ने 1730 रेटिंग वाले खिलाड़ी को दी मात

छठे चक्र का सबसे बड़ा उलटफेर 12वें बोर्ड पर हुआ, जहां मुजफ्फरपुर के अनरेटेड और नवोदित खिलाड़ी उज्ज्वल सिंह ने बेगूसराय के 1730 रेटिंग वाले अर्थ भारद्वाज को हरा दिया। उज्ज्वल ने काले मोहरों से खेलते हुए 65 चालों तक चले मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की। उनके प्रदर्शन ने प्रतियोगिता में एक और बड़ा उलटफेर दर्ज कर दिया।

शीर्ष पर तीन खिलाड़ी, खिताब की दौड़ रोमांचक

छह चक्रों के बाद विपुल सुभाषी, विवेक शर्मा और मोहम्मद तफसीर आलम के 5.5-5.5 अंक हैं। वहीं किशन कुमार, प्रणीत सिन्हा, विजय कुमार, दिवांस केसरी और शुभम कुमार पांच-पांच अंकों के साथ उनके ठीक पीछे हैं। सुधीर कुमार सिन्हा और रुपेश बी. रामचंद्रन के 4.5-4.5 अंक हैं।

प्रतियोगिता में कुल नौ चक्रों के मुकाबले खेले जाएंगे। तीन चक्र अभी बाकी हैं और शीर्ष खिलाड़ियों के बीच अंकों का अंतर बेहद कम है। ऐसे में आने वाले मुकाबलों में एक जीत या हार भी खिताब की तस्वीर बदल सकती है। अंतिम चक्र के बाद ही बिहार के सीनियर राज्य चैंपियन का फैसला होगा।

छठे चक्र के बाद शीर्ष-10

  1. विपुल सुभाषी, पटना — 5.5 अंक
  2. विवेक शर्मा, पटना — 5.5 अंक
  3. मोहम्मद तफसीर आलम, पटना — 5.5 अंक
  4. किशन कुमार, बेगूसराय — 5 अंक
  5. प्रणीत सिन्हा, मुजफ्फरपुर — 5 अंक
  6. विजय कुमार, पटना — 5 अंक
  7. दिवांस केसरी, पटना — 5 अंक
  8. शुभम कुमार, भागलपुर — 5 अंक
  9. सुधीर कुमार सिन्हा, पटना — 4.5 अंक
  10. रुपेश बी. रामचंद्रन, पटना — 4.5 अंक
Read More

अंडर-19 क्रिकेट : पटना ने मगध को 8 विकेट से हराकर फाइनल में बनाई जगह

पटना। अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में पटना अंडर-19 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मगध अंडर-19 को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली। गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजों की आक्रामक पारी ने पटना को एकतरफा जीत दिलाई।

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मगध की टीम 15.3 ओवर में महज 80 रन पर ऑलआउट हो गई। मगध की ओर से अंकुल कुमार ने 22 गेंदों पर 24 रन बनाए, जबकि उत्सव अजय मोदी ने 16 रनों का योगदान दिया। पटना की ओर से शाश्वत जीत राज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए और मगध की पारी को सस्ते में समेटने में अहम भूमिका निभाई।

81 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटना की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। महज 10 ओवर में दो विकेट गंवाकर पटना ने 81 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। पटना के लिए दिवाकर कुमार ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाए। वहीं हरिओम चौधरी ने 24 गेंदों पर 30 रनों की उपयोगी पारी खेली।

पटना की इस जीत में गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के साथ बल्लेबाजों की आक्रामक शैली ने अहम भूमिका निभाई। आठ विकेट की शानदार जीत के साथ पटना अंडर-19 टीम ने टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

Read More

सिटी ताइक्वांडो क्लब बना ओवरऑल चैंपियन, एडीफाई स्कूल रहा उपविजेता

पटना। पाटलिपुत्र परिषद, मंगल तालाब, पटना सिटी में आयोजित 4th पटना डिस्ट्रिक्ट इन्वीटेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप का समापन हुआ। प्रतियोगिता में सिटी ताइक्वांडो क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि एडीफाई स्कूल की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में पटना के विभिन्न स्कूलों और ताइक्वांडो प्रशिक्षण संस्थानों के करीब 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

चैंपियनशिप का उद्घाटन पटना साहिब के विधायक रत्नेश कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पटना जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव एवं आयोजन सचिव जेपी मेहता ने की। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में सिटी ताइक्वांडो क्लब, एडीफाई स्कूल, द मालिन्यायी स्कूल, स्काई ताइक्वांडो क्लब, अरीना ताइक्वांडो क्लब, माउंट लिटरा स्कूल, डायनेमिक ताइक्वांडो क्लब और अल्फा ताइक्वांडो क्लब के खिलाड़ियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को समाजसेवी संजीव यादव, महेंद्र अरोड़ा, नरेश कुशवाहा और संजीव कुमार मेहता ने संयुक्त रूप से पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान आयोजन से जुड़े गणमान्य अतिथियों का स्वागत जेपी मेहता ने अंगवस्त्र भेंट कर किया।

प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका विक्रांत पंकज, अनामिका सोनू, ववली मिश्रा, कौशल कुमार, सुधांशु कुमार और शुभम कुमार ने निभाई। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में पटना जिला ताइक्वांडो संघ के साथ सिटी ताइक्वांडो क्लब की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पटना ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष सतीश श्रीवास्तव राजू ने सभी विजेता खिलाड़ियों तथा विजेता और उपविजेता टीम को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.