अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वाधान में कटिहार जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित बिहार राज्य अंडर-13 बालिका और बालक शतरंज प्रतियोगिता के दूसरे दिन बालक वर्ग में पटना के अव्यय शर्मा 5 चक्रों के पश्चात पांच अंको के साथ अकेले शीर्ष पर चल रहे हैं। साढ़े चार अंको के साथ पांच खिलाड़ी संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर चल रहे हैं। वहीं बालिका वर्ग में मुजफ्फरपुर की आद्या श्री एवं भोजपुर की अर्पिता सिंह साढ़े चार अंको साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रही हैं जबकि 4 अंको के साथ छह खिलाड़ी संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर चल रही हैं।
बालक वर्ग के पांचवे चक्र में शीर्ष तीन में से प्रथम दो बोर्ड पर प्रत्यूष एवं एकांश भारद्वाज तथा जयेश एवं तेजस शांडिल्य की बाजी अनिर्णीत समाप्त हुई जबकि तीसरे नम्बर बोर्ड पर अव्यय शर्मा ने अक्षत राज को पराजित कर पांच में पांच अंक अर्जित कर लिए।
बालिका वर्ग में शीर्ष बोर्ड पर खेल रही मुजफ्फरपुर की आद्या श्री एवं भोजपुर की अर्पिता सिंह की बाजी ड्रा पर समाप्त हुई।
इस तरह संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रही इन दोनों खिलाड़ियों ने अब भी अन्य खिलाड़ियों से आधे अंक की बढ़त के साथ खुद को शीर्ष पर बनाये रखा है। चार अंको के साथ नव्या गोयनका, शालिनी श्रीवास्तव, अभिश्री दीपू, विष्णु प्रिया झा, पलछिन जैन एवं चारवी बैद अपने खाते में अंक जोड़ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं।