KRIDA NEWS

KridaNews - Header
Breaking
🏏IPL 2026: MI vs CSK — बड़ा मुकाबला आज रात 7:30 बजे 🏆Neeraj Chopra ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया 🏏Pro Kabaddi: Patna Pirates ने Bengaluru Bulls को हराया
KridaNews
India's Sports Voice
खेल की दुनिया से सीधा आपके पास
SCORE
IND vs AUS 245/6 (45.3 ov) Live
|
MI vs CSK आज 7:30 PM Upcoming
|
LSG 172/4 (20.0) 1st Inn
|
RCB vs KKR कल 3:30 PM Tomorrow
|
Patna FC vs Sikkim XI 3 - 1 FT

Paris Olympics: भारतीय हॉकी टीम ने जीत के साथ किया आगाज, न्यूजीलैंड को 3-2 से हराया

Paris Olympics:आखिरी मिनटों में पेनल्टी स्ट्रोक पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह के गोल के दम पर तोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम ने पेरिस में अपने अभियान का आगाज न्यूजीलैंड पर शनिवार को 3-2 से मिली रोमांचक जीत के साथ किया । एक गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए भारतीय टीम ने बढत बना ली थी लेकिन आखिरी सीटी बजने से सात मिनट पहले न्यूजीलैंड टीम ने 2-2 से बराबरी कर ली । भारत को 57वें से 58वें मिनट के बीच तीन पेनल्टी कॉर्नर और 59वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला जिसे हरमनप्रीत ने गोल में बदलकर युवेस डु मनोयेर स्टेडियम पर भारी तादाद में आये भारतीय समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ा दी।

न्यूजीलैंड के लिये सैम लेन ( आठवां मिनट ) ने पहला और साइमन चाइल्ड (53वां) ने दूसरा गोल किया जबकि भारत के लिये मनदीप सिंह (24वां मिनट), विवेक सागर प्रसाद (34वां मिनट) और हरमनप्रीत (59वां मिनट) ने गोल दागे। तोक्यो में 41 साल बाद ओलंपिक पदक जीतने वाली भारतीय टीम को अब 29 जुलाई को पूल बी के अगले मैच में रियो ओलंपिक चैम्पियन रही अर्जेंटीना से खेलना है और इस मैच में नौ पेनल्टी कॉर्नर गंवाने वाली भारतीय टीम को इस कमी से पार पाना होगा। पहले क्वार्टर में भारतीय टीम दबाव में दिखी और खिलाड़ियों ने कई सहज गलतियां की । गेंद पर नियंत्रण के मामले में भी न्यूजीलैंड ने बाजी मारी ।

भारत ने हालांकि आक्रामक शुरूआत की और पहले पांच मिनट में ही कीवी गोल पर दो बार हमले बोले लेकिन कामयाबी नहीं मिली। न्यूजीलैंड ने जवाबी हमले में आठवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर बनाया और सैम लेन ने चौथा ओलंपिक खेल रहे धुरंधर पी आर श्रीजेश को छकाते हुए गेंद को गोल के भीतर डाल दिया।

भारत को दसवें मिनट से 15वें मिनट तक दस खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा जब गुरजंत सिंह को ग्रीन कार्ड दिखाया गया । भारतीय टीम खुशकिस्मत रही कि न्यूजीलैंड टीम लगातार हमलों को गोल में नहीं बदल पाई। पहले क्वार्टर के आखिरी मिनट में मनदीप और सुखजीत गेंद को कीवी सर्कल के भीतर लेकर गए लेकिन फिनिशिंग टच नहीं दे सके। दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम पूरी तरह बदली हुई नजर आई और न्यूजीलैंड को दबाव में ला दिया ।

दूसरे क्वार्टर के पांचवें मिनट में ही ललित उपाध्याय गेंद को लेकर आगे बढे लेकिन कामयाबी नहीं मिली । इस बीच न्यूजीलैंड के कप्तान भी ग्रीन कार्ड मिलने के कारण पांच मिनट मैदान से बाहर रहे लेकिन भारतीय टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी। भारत को 24वें मिनट में संजय ने पहला पेनल्टी कॉर्नर दिलाया जिनका यह पदार्पण ओलंपिक है । हरमनप्रीत सिंह का शॉट कीवी गोलकीपर ने बचा लिया लेकिन अगले मिनट भारत को फिर पेनल्टी कॉर्नर मिला। हरमनप्रीत का शॉट बचा लिया गया लेकिन मनदीप ने रिबाउंड पर गेंद को गोल के भीतर डालकर भारत को बराबरी दिलाई । न्यूजीलैंड ने इस पर रेफरल लिया जो खारिज कर दिया गया ।

हाफटाइम तक स्कोर 1-1 से बराबर था । ब्रेक के बाद भारतीय टीम काफी आक्रामक तेवरों के साथ उतरी और तीसरे ही मिनट में मनदीप ने सर्कल पर से बैकहैंड पास दिया जिसे अभिषेक ने पकड़ा लेकिन सुखजीत और राजकुमार पाल की पोजिशनिंग सही नहीं थी जिससे गोल नहीं हो सका। अगले ही मिनट भारत की फॉरवर्ड पंक्ति ने फिर हमला बोला और मनदीप ने सुखजीत को गेंद सौंपी और आखिरी स्टिक विवेक की लगी जिससे भारत ने खूबसूरत फील्ड गोल करके बढत बना ली ।

फॉरवर्ड पंक्ति के बाद अब डिफेंडरों की बारी थी और 36वें से 37वें मिनट के बीच न्यूजीलैंड को लगातार चार पेनल्टी कॉर्नर मिले जिन्हें श्रीजेश और अमित रोहिदास की अगुवाई में भारतीय डिफेंडरों ने बखूबी बचाया । तीसरे क्वार्टर के आखिरी मिनट में न्यूजीलैंड को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन श्रीजेश एक बार फिर भारत की दीवार साबित हुए।

चौथे क्वार्टर में न्यूजीलैंड को 52वें मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले और तीसरे पर रिबाउंड में चाइल्ड ने बराबरी का गोल दागकर भारतीय खेमे को सकते में ला दिया । अब तक 307 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके चाइल्ड का यह 147वां गोल था ।इसके बाद भारत को 59वें मिनट में जवाबी हमले पर पेनल्टी स्ट्रोक मिला जिसे हरमनप्रीत ने गोल में बदला । पूल बी के अन्य मैचों में बेल्जियम ने आयरलैंड को 2 . 0 से और आस्ट्रेलिया ने अर्जेंटीना को 1 . 0 से हराया ।

Read More

आट्या-पाट्या एसोसिएशन ऑफ बिहार की नई कार्यकारिणी का गठन, मुकेश शाह बने अध्यक्ष

पटना। आट्या-पाट्या एसोसिएशन ऑफ बिहार की वार्षिक आम सभा (एजीएम) में वर्ष 2026-2030 के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। पटना के राजा उत्सव कम्युनिटी हॉल में आयोजित बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया और संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ आट्या-पाट्या खेल के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

चुनाव में मुकेश शाह को अध्यक्ष, तरुण कुमार आज़ाद को सचिव तथा ईर. सत्येन्द्र कुमार सिन्हा को कोषाध्यक्ष चुना गया। सभी पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया।

संगठन को अधिक प्रतिनिधित्वपूर्ण बनाने के उद्देश्य से बिहार के विभिन्न जिला आट्या-पाट्या संघों के प्रतिनिधियों को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि राज्य के सभी जिलों में खेल के विस्तार और संगठनात्मक गतिविधियों को और गति दी जाएगी।

खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अंशु कुमारी को महिला खिलाड़ी प्रतिनिधि के रूप में सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य में आट्या-पाट्या खेल के प्रचार-प्रसार, खिलाड़ियों के नियमित प्रशिक्षण, जिला इकाइयों को सशक्त बनाने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बिहार की भागीदारी को और मजबूत बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।

बैठक के अंत में संगठन के सदस्यों ने एकता, पारदर्शिता और खेल के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

 

Read More

बिहार राज्य अंडर-17 शतरंज चैंपियनशिप शुरू, राष्ट्रीय टीम में चयन के लिए खिलाड़ियों के बीच होगा कड़ा मुकाबला

सीतामढ़ी। अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में सीतामढ़ी जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित बिहार राज्य अंडर-17 ओपन एवं बालिका फिडे रेटिंग शतरंज चैंपियनशिप-2026 का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। पांच दिनों तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों के रेटेड एवं उभरते खिलाड़ी खिताब के साथ-साथ राष्ट्रीय अंडर-17 शतरंज चैंपियनशिप के लिए बिहार टीम में स्थान बनाने के उद्देश्य से अपनी चुनौती पेश कर रहे हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेविका राखी सिंह एवं सीतामढ़ी जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष अनिकेत सुमन ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त सचिव नंदकिशोर एवं शशिनंद कुमार, मुख्य निर्णायक मनीष कुमार, अंतरराष्ट्रीय आर्बिटर आलोक प्रियदर्शी तथा आयोजन सचिव विजय कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस प्रतियोगिता के ओपन वर्ग में 35 और बालिका वर्ग में 14 फिडे रेटेड खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पहले ही दिन मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और कई बोर्डों पर कड़ी टक्कर देखने को मिली। जयेश, प्रेम, प्रणीत, अर्पिता, नव्या और शालिनी सहित कई वरीय खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर विजयी शुरुआत की।

पहले दिन का सबसे बड़ा उलटफेर
बालिका वर्ग के शीर्ष बोर्ड पर देखने को मिला। किशनगंज की शीर्ष वरीयता प्राप्त धान्वी कर्मकार को मुजफ्फरपुर की दिशा कुमारी ने काले मोहरों से शानदार खेल दिखाते हुए पराजित कर दिया। सौ से अधिक रेटिंग अंकों के अंतर के बावजूद दिशा की इस जीत ने प्रतियोगिता को और अधिक रोमांचक बना दिया तथा खिताबी दौड़ को खुला बना दिया।

राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में पटना, दरभंगा, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, खगड़िया, भागलपुर, छपरा, कटिहार, सीतामढ़ी, मधुबनी, सहरसा, गया, जमुई, सुपौल, बेगूसराय, गोपालगंज और पश्चिम चंपारण सहित बिहार के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

अखिल बिहार शतरंज संघ के अधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी राष्ट्रीय अंडर-17 शतरंज चैंपियनशिप के लिए बिहार की टीम का चयन किया जाएगा। इसी कारण प्रतियोगिता का प्रत्येक मुकाबला खिलाड़ियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Read More

बारिश के कारण रणधीर वर्मा इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट अब 1 अगस्त से

पटना। लगातार हो रही बारिश और मैदान के गीला होने के कारण 18वें रणधीर वर्मा इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट की नई तिथि घोषित कर दी गई है। अब यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 1 अगस्त से श्रीकृष्णा क्रिकेट मैदान, खेमनीचक में आयोजित होगी। पहले टूर्नामेंट का आयोजन 25 जुलाई से प्रस्तावित था।

पूर्व आईपीएस रणधीर वर्मा फाउंडेशन के संस्थापक-सह-सचिव एवं भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश राजू ने बताया कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए आयोजन समिति ने सर्वसम्मति से टूर्नामेंट की तिथि में बदलाव का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और उच्चस्तरीय प्रतियोगिता उपलब्ध कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन को सौंपी गई है।

टूर्नामेंट के सभी मुकाबले 21-21 ओवर के नॉकआउट प्रारूप में खेले जाएंगे। नॉकआउट फॉर्मेट होने के कारण प्रत्येक मैच निर्णायक होगा, जिससे टीमों को शुरुआत से ही अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। आयोजकों का मानना है कि इससे दर्शकों को रोमांचक और कांटे की टक्कर वाले मुकाबले देखने को मिलेंगे।

प्रतिभागी खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए आकर्षक व्यक्तिगत और टीम पुरस्कारों की भी व्यवस्था की गई है। प्रत्येक मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

टूर्नामेंट में भाग लेने की इच्छुक टीमों और प्रतिभागियों से अधिक जानकारी के लिए सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संतोष तिवारी से मोबाइल नंबर 9386962380 पर संपर्क करने की अपील की गई है।

Read More

18वीं रणधीर वर्मा इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट की ट्रॉफी का अनावरण, 25 जुलाई से होगा आगाज

पटना। पूर्व आईपीएस रणधीर वर्मा की स्मृति में आयोजित होने वाले 18वें रणधीर वर्मा इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता एवं उपविजेता ट्रॉफी सहित अन्य पुरस्कारों का अनावरण सोमवार को एक समारोह में किया गया। टूर्नामेंट का आयोजन 25 जुलाई से श्रीकृष्णा क्रिकेट मैदान, खेमनीचक में किया जाएगा।

ट्रॉफी का अनावरण बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव एवं रणधीर वर्मा फाउंडेशन के संस्थापक-सचिव सतीश राजू ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजन बच्चों में खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि रणधीर वर्मा जैसे साहसी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के नाम पर आयोजित प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ देशसेवा और नैतिक मूल्यों की भी प्रेरणा देती है। उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को समान अवसर देने के लिए फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की।

रणधीर वर्मा फाउंडेशन के संस्थापक-सचिव एवं भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश राजू ने बताया कि इस वर्ष भी टूर्नामेंट को बेहतर सुविधाओं और उच्च स्तर पर आयोजित करने की पूरी तैयारी की गई है। प्रतियोगिता के सफल संचालन की जिम्मेदारी सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन को सौंपी गई है।

उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के सभी मुकाबले 21-21 ओवर के नॉकआउट प्रारूप में खेले जाएंगे। नॉकआउट फॉर्मेट होने के कारण प्रत्येक मैच काफी महत्वपूर्ण होगा, जहां टीमों को शुरुआत से ही अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। इससे दर्शकों को भी रोमांचक और कांटे की टक्कर वाले मुकाबले देखने को मिलेंगे।

आयोजकों के अनुसार खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए विभिन्न व्यक्तिगत एवं टीम पुरस्कारों की भी व्यवस्था की गई है। प्रत्येक मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और प्रतिष्ठित मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

समारोह में पटना ग्रामीण भाजपा जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार, विक्रम के पूर्व भाजपा प्रत्याशी अतुल कुमार, भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के सह संयोजक विकास कुमार गोल्डी, कंचन कुमारी, आईटी सेल प्रमुख मोहित श्रीवास्तव, क्षेत्रीय प्रभारी अभीराम शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

टूर्नामेंट से संबंधित अधिक जानकारी के लिए सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संतोष तिवारी से मोबाइल नंबर 9386962380 पर संपर्क किया जा सकता है।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.